निर्भया के दोषियों को नया डेथ वॉरंट जारी, 20 मार्च को दी जाएगी फांसी

निर्भया के गुनहगारों को 20 मार्च को सुबह 6 बजे फांसी दी जाएगी। दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने नया डेथ वॉरंट जारी किया है। दोषियों के पास सारे कानूनी विकल्प खत्म हो गए हैं। नया डेथ वॉरंट जारी होने पर निर्भया के परिजनों ने खुशी जाहिर की। चौथा डेथ वॉरंट जारी होने पर निर्भया की मां ने कहा कि आज फिर नया डेथ वॉरंट जारी किया गया, क्योंकि उनके सारे कानून विकल्प खत्म हो गए हैं। मुझे उम्मीद है कि यह डेथ वॉरंट फाइनल हो। इसी दिन इन गुनहगारों को फांसी दी जाए। निर्भया को इंसाफ मिले। हर चीज का एक अंत होता है। उनके कानूनी विकल्प का अंत हो गया है। जब तक उनकी फांसी नहीं होती है, हम हर पल लड़ाई के लिए तैयार हैं।

गुनहगारों के वकील ने निकाली भड़ास

वहीं, निर्भया के गुनहगारों के वकील एपी सिंह नाखुश दिखे। गुनहगारों के वकील एपी सिंह ने कहा कि आज चौथा डेथ वॉरंट जारी हुआ है। 2013 में चारों दोषियों को फांसी दी गई। फिर हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट ने फांसी दी। इसके बाद पुनर्विचार याचिका में चारों गुनहगारों को फांसी दी गई। फिर क्यूरेटिव पिटिशन जब खारिज हुई तब फांसी दी गई। दया याचिका खारिज हुई तब फांसी दी गई। तीन बार और फांसी दे चुके हैं। मैं जानना चाहता हूं कि आप कितनी बार फांसी दोगे।

बता दे, यह चौथी बार है, जब निर्भया के दोषियों के लिए कोर्ट ने डेथ वारंट जारी किया है। इससे पहले दोषियों के लिए तीन डेथ वारंट जारी किए जा चुके हैं, लेकिन दोषियों की पैंतरेबाजी के कारण यह हर बार टलता रहा है। दोषियों की ओर से बारी-बारी से अपने कानूनी अधिकारों के इस्‍तेमाल का पैंतरा अपनाया गया, जिसके कारण हर बार उनकी फांसी टलती रही। अब उम्मीद जताई जा रही है कि इस बार दोषियों को फांसी देने की तारीख अंतिम होगी।