बीकानेर : जमीन में दफन मिला नवजात का शव, आवारा कुत्तों के खोदने पर हुआ खुलासा

कई बार ऐसी घटनाएं घटित होती हैं जिनसे लोग अनजान होते हैं और उनका खुलासा अचानक ही होता हैं। ऐसा ही कुछ देखने को मिला बीकानेर में जहां एक नवजात का शव जमीन में दफनाया गया था लेकिन इसका खुलासा तब हुआ जब आवारा कुत्तों ने जमीन खोदी। सोमवार सुबह सर्वोदय बस्ती इलाके में नवजात बच्चे का शव मिला। नाले के पास दफनाए शव के कुछ हिस्से को कुत्तों ने जमीन से खोदकर बाहर निकाल दिया। आसपास के लोगों की सूचना पर नयाशहर पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल नवजात को यहां कब दफनाया गया? किसने दफनाया? इस बारे में कुछ पता नहीं चल पाया है।

दरअसल, जहां नवजात का शव मिला वह जगह बच्चे या मृत व्यक्ति को दफन करने की नहीं है। इसके बाद भी यहां बच्चे को किसने दफन किया? इसी सवाल के जवाब में पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी। आसपास के लोगों ने बताया कि सुबह जमीन में एक नवजात का पैर सबसे पहले दिखाई दिया। लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद इसे बाहर निकाला गया। पुलिस ने यह भी स्पष्ट नहीं किया है कि नवजात लड़का है या लड़की।

पुलिस ने इस नवजात को बाहर भी नहीं निकाला। थानाधिकारी चारण सिंह का कहना है कि नवजात का सिर्फ पैर बाहर निकला हुआ था, इसलिए हमने बाहर नहीं निकाला। वैसे भी किसी ने कोई मामला दर्ज नहीं कराया। एसडीएम का आदेश हो तो ही दफन शव को बाहर निकाला जा सकता है। इसीलिए यह पता नहीं चल पाया कि नवजात लड़का है या लड़की। चारण का कहना है कि आमतौर पर नवजात की मौत पर लोग बच्चे को इसी तरह खाली जगह पर दफना देते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मामला भ्रूण हत्या जैसा नहीं लग रहा है। मृत बच्चों को जमीन में दफनाया जाता है। कुत्तों ने जमीन खोदकर शव निकाल दिया था। यह मामला कुछ ऐसा लग रहा है।