अब विदेशों में कोरोना वैक्सीन नहीं भेजेगा भारत, घरेलू टीकाकरण पर करेगा फोकस

भारत में कोरोना के लगातार बढ़ रहे मामलों में बीच कोविड-19 टीकों को लेकर बड़ी खबर आ रही है। केंद्र सरकार अब एस्ट्राजेनेका की वैक्सीन दूसरे देशों को नहीं देगा। इस घटनाक्रम की जानकारी रखने वाले अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि घरेलू टीकाकरण पर फोकस करने के लिए यह फैसला लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि भारत विभिन्न देशों से की जा चुकी मौजूदा प्रतिबद्धताएं पूरी करेगा, लेकिन घरेलू मांग पूरा करने के लिए आगामी कुछ महीनों के लिए निर्यात नहीं बढ़ाएगा। उन्होंने बताया कि दो-तीन महीनों बाद हालात की समीक्षा की जाएगी। भारत ने विदेशों में टीके की आपूर्ति करना 20 जनवरी से शुरू किया था। भारत अब तक करीब 80 देशों में टीके की 6 करोड़ से जायदा खुराक भिजवा चुका है।

5.21 करोड़ लोगों को लगी वैक्सीन

देशभर में 5.21 करोड़ से अधिक लोगों को कोविड-19 टीके लगाए जा चुके है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार शाम सात बजे तक की अंतरिम रिपोर्ट के आधार पर बताया कि कुल 5,21,97,380 खुराक लगाई जा चुकी हैं। जिन लोगों को टीके लगाए गए हैं, उनमें से 79,56,925 स्वास्थ्यकर्मियों को पहली खुराक दी गई है और 50,47,927 स्वास्थ्यकर्मियों को दूसरी खुराक दी गई है। इसके अलावा अग्रिम मोर्चे के 84,33,875 कर्मियों (एफएलडब्ल्यू) को पहली और 32,02,183 एफएलडब्ल्यू को दूसरी खुराक दी गई है। इसके अलावा, 60 वर्ष से अधिक आयु के 2,26,01,622 लाभार्थियों और अन्य बीमारियों से ग्रसित 45 वर्ष से अधिक आयु के 49,54,848 लाभार्थियों को पहली खुराक दी गई है।

मंत्रालय ने बताया कि राष्ट्रव्यापी टीकाकरण के 68वें दिन बुधवार को शाम सात बजे तक कुल 13,54,976 टीके लगाए गए, जिनमें से 12,14,055 लाभार्थियों को पहली और 1,40,921 स्वास्थ्यकर्मियों एवं एफएलडब्ल्यू को दूसरी खुराक दी गई। 12,14,055 लाभार्थियों में 60 साल से अधिक आयु के 8,47,798 और अन्य बीमारियों से ग्रसित 45 साल से अधिक आयु के 2,55,672 लोग शामिल हैं।

24 घंटे में 53,000 से ज्यादा संक्रमित मिले

देश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में 50 हजार से ज्यादा मरीज मिले। नए संक्रमितों का यह आंकड़ा 23 अक्टूबर के बाद सबसे ज्यादा है। तब 53,931 मरीज मिले थे। बुधार को 53,419 मरीज मिले। बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा 31,855 मरीज महाराष्ट्र में मिले। यहां 15,098 मरीज ठीक हुए और 95 संक्रमितों की मौत हो गई। बीते 24 घंटे में एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 26,588 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके साथ ही कुल एक्टिव केस 3।91 लाख हो गए। देश में अब तक 1 करोड़ 17 लाख 87 हजार 13 लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 1 करोड़ 12 लाख 29 हजार 591 ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.60 लाख मरीजों ने जान गंवाई है। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।