आज आईपीएल के डबल हेडर मुकाबले का दूसरा मैच किंग्स इलेवन पंजाब (KXIP) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच दुबई में शाम 7.30 बजे होना हैं।सीजन में लगातार 5 मैच हारने के बाद पंजाब ने पिछले मैच में बेंगलुरु को हराया था। लेकिन पंजाब अभी भी अंकतालिका में सबसे नीचे हैं और उसे अच्छा प्रदर्शन करते हुए जीत की दरकार हैं। वहीँ मुंबई ने पिछले मैच में केकेआर के खिलाफ आसान जीत दर्ज की थी। पंजाब 8 में से 2 मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे 8वें नंबर पर है। मुंबई 8 में से 6 मैच जीतकर दूसरे नंबर पर काबिज है।
पंजाब-मुंबई के सबसे महंगे खिलाड़ी
पंजाब में कप्तान लोकेश राहुल 11 करोड़ और ग्लेन मैक्सवेल 10.75 करोड़ रुपए कीमत के साथ सबसे महंगे प्लेयर हैं। वहीं, मुंबई में कप्तान रोहित शर्मा सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। टीम उन्हें एक सीजन का 15 करोड़ रुपए देगी। उनके बाद टीम में हार्दिक पंड्या का नंबर आता है, उन्हें 11 करोड़ रुपए मिलेंगे।
पिच और मौसम रिपोर्ट
दुबई में मैच के दौरान आसमान साफ रहेगा। दुबई में तापमान 22 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। पिच से बल्लेबाजों को मदद मिल सकती है। यहां स्लो विकेट होने के कारण स्पिनर्स को भी काफी मदद मिलेगी। दुबई में टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करना पसंद करेगी।
मुंबई ने सबसे ज्यादा 4 बार खिताब जीता
आईपीएल इतिहास में मुंबई ने सबसे ज्यादा 4 बार (2019, 2017, 2015, 2013) खिताब जीता है। पिछली बार उसने फाइनल में चेन्नई को एक रन से हराया था। मुंबई ने अब तक पांच बार फाइनल खेला है। वहीं, पंजाब ने अब तक एक बार फाइनल (2014) खेला था। उसे केकेआर ने तीन विकेट से हराया था।
आईपीएल में मुंबई का सक्सेस रेट 58.71%, यह पंजाब से ज्यादा
लीग में मुंबई का सक्सेस रेट पंजाब से ज्यादा है। मुंबई ने आईपीएल में 195 मैच खेले हैं। इनमें से 115 मैच जीते और 80 हारे हैं, यानि लीग में उसका सक्सेस रेट 58.71% है। वहीं, लीग में पंजाब का सक्सेस रेट 45.38% है। पंजाब ने लीग में अब तक 184 मैच खेले, 84 जीते और 100 हारे हैं।