मुंबई / कोरोना पीड़ित मरीज ने डॉक्टर पर लगाया यौन शोषण का आरोप, FIR दर्ज

मुंबई के एक नामचीन हॉस्पिटल में कोरोना वायरस के इलाज से जुड़े एक डॉक्टर पर यौन शोषण का आरोप लगा है। पीड़ित एक 44 साल का पुरुष है। इस मामले में 34 वर्षीय डॉक्टर पर केस दर्ज कर लिया गया है। पीड़ित की तरफ से दर्ज कराई गई FIR के मुताबिक, एक मई को सुबह के वक्त आरोपी डॉक्टर 10वें फ्लोर पर आईसीयू में दाखिल हुआ। अंदर जाते ही इसने पीड़ित को छूने की कोशिश की और फिर उसे सेक्सुअली असॉल्ट किया। मरीज ने उसे रोकने की कोशिश की लेकिन वो नहीं माना। तुरंत उसने अलार्म बजाया, जिससे हॉस्पिटल के स्टाफ वहां पहुंच गए और डॉक्टर ने उस मरीज को छोड़ दिया। डॉक्टर के खिलाफ आईपीसी की धारा 377, 269 और 270 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस को शंका है कि आरोपी डॉक्टर भी कोरोना पॉजिटिव हो सकता है। ऐसे में उसे गिरफ्तार नहीं किया गया है बल्कि घर में ही क्वारैंटाइन कर दिया गया है।

मामला सामने आने के बाद हॉस्पिटल ने भी कार्रवाई करते हुए आरोपी डॉक्टर को सस्पेंड कर दिया। हॉस्पिटल के मुताबिक, डॉक्टर ने एक दिन पहले ही ज्वाइंन किया था। डॉक्टर ने नवी मुंबई के एक कॉलेज से एमडी की पढ़ाई पूरी की है। इसके बाद 28-29 अप्रैल को हॉस्पिटल में इंटरव्यू हुआ था। 30 अप्रैल को इस डॉक्टर की ज्वाइनिंग हुई। जबकि यौन शोषण की यह घटना 1 मई सुबह 9:30 बजे की है।