मुंबई: टला बड़ा हादसा, लैंडिंग के वक्त फिसला स्पाइस जेट का विमान, सभी यात्री सुरक्षित

मुंबई में पिछले 48 घंटों में बारिश ने कहर मचा रखा है। बीएमसी अधिकारियों के मुताबिक ये बारिश पिछले 10 साल में सबसे ज्यादा है। महाराष्ट्र में सिर्फ मंगलवार रात में तीन जगह दीवारें गिरने से 22 लोगों की मौत हुई है। इन हादसों में मरने वाले लोगों के परिजनों के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 5-5 लाख के मुआवजे का ऐलान किया है। स्थित का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रशासन ने एक दिन सार्वजनिक छुट्टी का एलान कर दिया है। प्रशासन ने लोगों को हिदायत दी है कि बेहद जरूरी काम होने पर घर से बाहर निकलें। पिछले पांच दिनों से लगातार हो रही बारिश से जनजीन अस्त व्यस्त हो गया है।

रनवे पर फिसला स्पाइस जेट का विमान

वही बारिश की मार झेल रहे मुंबई में आधी रात को एक बड़ा हादसा होते-होते टला। स्पाइस जेट की फ्लाइट 6237 जयपुर मुंबई एयरपोर्ट के मुख्य रनवे पर फिसल गई। ये फ्लाइट जयपुर से मुंबई आ रही थी। हादसे के बाद एयरपोर्ट के मुख्य रनवे को बंद कर दिया गया है, और दूसरे रनवे से काम चलाया जा रहा है। स्पाइस जेट ने एक बयान जारी कर कहा, 'स्पाइस जेट की फ्लाइट 6237 जयपुर मुंबई रनवे पर फिसल गई, तब ये फ्लाइट मुंबई एयरपोर्ट पर लैंड कर रही थी, सभी यात्री सुरक्षित हैं।' इस विमान में 167 लोग सवार थे।

इंडिया टुडे से बातचीत में एक यात्री ने कहा कि 3 से 4 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। इस हादसे की वजह से मुंबई एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही पर असर पड़ा है। वही स्पाइसजेट के प्रवक्ता का कहना है कि इस हादसे में सभी यात्री सुरक्षित हैं।

मुंबई में बारिश का कहर

बता दें मुंबई और महाराष्ट्र के कई इलाकों में रविवार से भारी बारिश जारी है। BMC कमिश्नर के मुताबिक बीते दो दिनों में ही 540 मिलीमीटर बारिश हुई है जो पिछले 10 सालों में सबसे ज़्यादा है। बारिश का पानी सड़कों पर भर गया है, जिससे मुंबई की रफ़्तार थम सी गई है। कई जगह रेलवे ट्रैक पर पानी भर गया है, जिससे ट्रेनें धीरे चल रही हैं और कई रद्द कर दी गईं हैं। भारी बारिश का असर उड़ानों पर भी पड़ा है। मौसम विभाग ने अभी 5 जुलाई तक ऐसे ही बारिश होने की संभावना जताई है। बारिश से बिगड़ते हालातों को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने 2 जुलाई मंगलवार को सार्वजनिक छुट्टी का ऐलान किया है। मुंबई में इतनी ज्यादा बारिश और इसकी वजह से बनी बाढ़ की हालत के लिए मुंबई नगरपालिका के प्रमुख प्रवीण परदेशी ने जलवायु परिवर्तन और भौगोलिक स्थिति को जिम्मेदार ठहराया है।