छत्तीसगढ़ : भिलाई स्टील प्लांट की गैस पाइप लाइन में धमाके, 6 कर्मचारियों की मौत, 14 घायल

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित भिलाई इस्पात संयंत्र में मंगलवार सुबह एक पाइप लाईन फटने से छह कर्मचारियों की मौत हो गई जबकि 14 अन्य घायल हो गए।

दुर्ग जिले के पुलिस महानिरीक्षक जी पी सिंह ने भाषा को दूरभाष पर बताया कि जिले के भिलाई शहर में स्थित भिलाई इस्पात संयंत्र में हुए हादसे में छह कर्मचारियों की मौत हुई है जबकि 14 अन्य घायल हो गए हैं। घायलों में से कुछ की हालत गंभीर है।

सिंह ने बताया कि संयंत्र के कोक ओवन के करीब 25 से अधिक कर्मचारी काम कर रहे थे। उसी वक्त सुबह करीब 11 बजे अचानक पाइप लाईन में विस्फोट हो गया। जिससे कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए। इस घटना में अभी तक छह लोगों के मारे जाने की सूचना है।

अधिकारी ने बताया कि हादसे के बाद पुलिस और बचाव दल के कर्मी मौके पर पहुंच गए हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचा जा रहा है। उन्होंने बताया कि 14 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनमें से कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। इधर भिलाई इस्पात संयंत्र के अधिकारियों ने बताया कि संयंत्र में कोक ओवन करीब कर्मचारी काम कर रहे थे तब वहां पाइप लाईन में विस्फोट हो गया। इससे कर्मचारी झुलस गए। अधिकारियों ने बताया कि बचाव दल के कर्मी मौके पर मौजूद हैं। हालात पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। आपको बता दें कि कि साल 2014 के जून महीने में भी ऐसी एक दुर्घटना में 6 कर्मचारियों की मौत हो गई थी। यह प्लांट स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अंतर्गत आता है।