भरतपुर के निकटवर्ती गांव तुहिया में बीते दिन एक हैरान करने वाला मामला सामने आया जहां एक महिला ने मामूली कहासुनी में आत्महत्या करने का भयानक कदम उठा लिया। जब परिवार के लोगों ने उसके शव को रस्सी से नौहरे में लटका देखा तो परिजनों के पैरों की नीचे से जमीन सी खिसक गई। सूचना मिलने पर थाना उद्योग नगर पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही एफएसएल टीम एवं थाना पुलिस ने भी मौका मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। घटना के संबंध में मृतका के पति धीरज जाट ने मर्ग रिपोर्ट दर्ज कराई है, जबकि पीहर पक्ष की ओर से किसी प्रकार की कोई शिकायत पुलिस को नहीं दी गई है।
उद्योग नगर थानाधिकारी महेंद्र सिंह राठी पुलिस निरीक्षक ने बताया कि रविवार सुबह करीब 10 बजे सूचना मिली कि गांव तुहिया में एक महिला ने फांसी लगा ली है, जिससे उसकी मौत हो गई है। जिस पुलिस टीम एवं एफएसएल टीम साथ लेकर मौके पर पहुंचा तो वहां नौ हरे में 28 वर्षीय विवाहिता संतोष पत्नी धीरज जाट निवासी तुहिया एक रस्सी से फंदा बनाकर मृत हालत में लटकी मिली। मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाने के बाद शव को फंदे से नीचे उतारकर जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंचाया गया।साथ ही मृतका के परिजनों को सूचित कर दिया गया। मृतका के पिता रामेश्वर निवासी नगला छीतरसिंह थाना फरह व अन्य लोगों की मौजूदगी में मेडिकल बाेर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया। मिली जानकारी के मुताबिक विवाहिता मृतका संतोष की शादी वर्ष 2013 में धीरज जाट के साथ हुई थी। उसके दो बच्चे एक लड़का और एक लड़की है। वह गुस्सैल प्रवृति की बताई गई। सुबह घरेलू कामकाज को लेकर किसी बात पर परिवार में मामूली कहासुनी हो गई। उसके बाद वह काम करने के लिए नौहरे में चली गई, कुछ देर बाद परिवार के सदस्य नौहरे में गए तो देखा उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।