
देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 37,645 नए मामले सामने आए हैं। 720 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 39,674 मरीज ठीक भी हुए। देश में कोरोना से ठीक हुए मरीजों की संख्या रविवार को 3 करोड़ के पार हो गई। देश में अब तक 3,08,73,907 लोग कोरोना की चपेट में आ चुके है वहीं, ठीक हुए मरीजों का आंकड़ा 3,00,07,200 हो गया है। देश में कुल एक्टिव केस 4,45,668 हो गए हैं। सबसे ज्यादा रिकवरी के मामले में भारत अब दुनिया में सबसे आगे है। भारत के बाद दूसरे नंबर पर अमेरिका है। वहां, 2.9 करोड़ से ज्यादा लोग संक्रमण से ठीक हो चुके हैं। तीसरे नंबर पर ब्राजील है। वहां, 1.79 करोड़ से ज्यादा लोग संक्रमण से ठीक हो चुके है। सबसे ज्यादा संक्रमित मरीजों की बात करे तो अमेरिका पहले स्थान पर है यहां, अब तक 34,732,753 लोग कोरोना की चपेट में आ चुके है। इसके बाद भारत का दूसरा स्थान है। वहीं, 19,089,940 संक्रमित मरीजों के साथ ब्राज़ील तीसरे नंबर पर है। यही तीनों देश कोरोना से दुनिया में सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं।
ब्राजील में इस समय सबसे ज्यादा नए केस मिल रहे हैं। शनिवार को यहां 48000 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। भारत में यह संख्या 41000 रही। अमेरिका काफी हद तक संकमण की रफ्तार पर काबू पा चुका है। इसी दिन यहां 14000 नए मामले दर्ज किए गए हैं।
भारत में दूसरी लहर सबसे ज्यादा घातक साबित हुई भारत में अब तक कोरोना की दो लहरें आ चुकी हैं। पहली के मुकाबले दूसरी लहर ज्यादा घातक साबित हुई। इस दौरान भारत में एक दिन में दुनिया में सबसे ज्यादा नए केस मिले। पहली लहर का पीक 16 सितंबर 2020 को आया। उस दिन देश में कुल 97,860 केस आए। 6 मई 2021 को दूसरी लहर का पीक आया। उस दिन देशभर में 4,14,280 नए केस आए।
देश में अभी कोरोना की दूसरी लहर चल रही है। इसके कमजोर पड़ने के साथ ही केंद्र सरकार ने तीसरी लहर का खतरा जता दिया है। SBI रिसर्च की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि तीसरी लहर अगस्त में आ सकती है। इसमें कहा गया कि थर्ड वेव का पीक सितंबर में आएगा। यह दूसरी लहर के पीक से दोगुना या 1.7 गुना ज्यादा होगा।