केंद्रीय कारागार में चलाए गए ऑपरेशन फ्लश आउट के दौरान दो कैदियों से एक मोबाइल फोन, बैटरी और सिम बरामद हुई है। दोनों कैदियों के खिलाफ बीछवाल थाने में मामला दर्ज करवाया गया है। वहीं, कैदियों के लिए जर्दे की पुड़िया ले जाते सिपाही को पकड़ा है। उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई होगी।
जेल प्रहरी कमल किशोर स्वामी ने बताया कि शनिवार देर रात जेल में चलाए गए तलाशी अभियान में खाजूवाला निवासी महेंद्र के पास एक कीपैड फोन और सिम बरामद हुई। दूसरे कैदी ब्यावर निवासी दिनेश के कब्जे से मोबाइल की बैटरी बरामद हुई। दोनों कैदियों ने मोबाइल सिम और बैटरी अंडरवियर में छिपा रखी थी।पुलिस ने दोनों कैदियों खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर, जेल अधीक्षक परमिंदर सिंह ने बताया कि महेंद्र के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट का खाजूवाला में मामला दर्ज है, जिसकी जांच चल रही है। दिनेश को सिरोही जेल से शिकायत पर बीकानेर शिफ्ट किया गया है। उन्होंने बताया कि रविवार को जेल के सिपाही चिमनलाल मीना को जर्दे की 2 पुड़िया ले जाते पकड़ा। उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई होगी।