राफेल सौदे से जुड़े गुम दस्तावेजों की जांच सबसे पहले मनोहर पर्रिकर से शुरू होनी चाहिए - राहुल गांधी

शुक्रवार को राफेल सौदे से जुड़े गुम दस्तावेजों की जांच को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने कहा कि सबसे पहले गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर (Manohar Parrikar) से शुरू होनी चाहिए जिन्होंने कथित रूप से दावा किया था कि सौदे से संबंधित फाइलें उनके पास हैं। फ्रांस के साथ जब राफेल सौदे पर हस्ताक्षर हुए थे तब पर्रिकर रक्षा मंत्री थे और केन्द्र ने सुप्रीम कोर्ट को बताया है कि करोड़ों रुपयों के करार से जुड़े दस्तावेज 'चोरी' हो गये हैं।

गांधी ने गोवा की बीजेपी नीत सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि जैसे इस तटीय राज्य में सरकार लापता है, वैसे ही राफेल से संबंधित दस्तावेज गायब हो गये हैं। गांधी 'जीत की ओर' बैनर तले बूथ स्तर के पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, ''जैसे गोवा में सरकार लापता है, (राफेल से जुड़ी) फाइलें भी लापता हो गई हैं। अगर आप जांच करना चाहते हैं तो इसकी शुरुआत पर्रिकर से होनी चाहिए।''
गांधी ने गोवा के मंत्री विश्वजीत राणे और एक अज्ञात कॉलर के बीच राफेल सौदे के संबंध में बातचीत के कथित ऑडियो टेप के संदर्भ में कहा, ''पर्रिकर ने कैबिनेट से कहा था कि राफेल फाइलें उनके पास हैं।'' उन्होंने ऑडियो टेप के हवाले से कहा, ''(प्रधानमंत्री) नरेंद्र मोदी मुझे मुख्यमंत्री पद से नहीं हटा सकते। जिस दिन उन्होंने मुझे हटाया, मैं फाइलें दिखा दूंगा। अगर फाइलें गुम हुई हैं तो पर्रिकर की जांच कराइए।''बता दे, बुधवार को राफेल केस (Rafale Case) पर सुप्रीम कोर्ट में चल रही सुनवाई के दौरान अटॉर्नी जनरल के के वेणुगोपाल ने बताया कि रक्षा मंत्रालय से राफेल की कुछ गोपनीय फाइलें चोरी हो गईं। जिसके बाद राफेल मुद्दे को लेकर एक बार फिर सियासत गरमा गई है। गुरुवार की सुबह प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने मोदी सरकार (Modi Government) पर हमला बोला और कहा था कि सरकार से कई सारी चीजें गायब हो गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का काम ही है गायब करना। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि एक नई लाइन निकली है, 'गायब हो गया'। अब दो करोड़ युवाओं का रोजगार गायब हो गया, किसानों को सही दाम गायब हो गया, 15 लाख का वादा गायब हो गया, किसानों के बीमा का दाम गायब हो गया, डोकलाम गायब हो गया और अब राफेल की फाइलें गायब हो गईं। राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर हमला करते हुए कहा, 'चौकीदार को बचाने की कोशिश जारी है। राफेल के कागज गायब हुए हैं, मतलब वो सच्चे हैं। राहुल गांधी ने बयान दिया- राफेल डील की मोदी जी ने बाईपास सर्जरी की है।' राहुल गांधी ने कहा, 'नरेंद्र मोदी की डील की वजह से भारत में राफेल विमान लाने में देरी हुई है जिसका सबूत सबूत हम देंगे।' उन्होंने ये भी कहा, 'फाइल में लिखा है कि पीएमओ डील में दखल दे रहा था। पर्रिकर के पास फाइल होने की जांच कीजिए, सिर्फ पीएम ही नहीं सभी की जांच होनी चाहिए।'