मैक्सिको की वनीसा बनीं मिस वर्ल्ड 2018, भारत की अनुकृति अंतिम 12 तक भी नहीं पहुंच पाई

मैक्सिको की वनीसा पोन्स डि लियोन (Vanessa Ponce de Leon) मिस वर्ल्ड 2018 (Miss World 2018) चुनी गईं। चीन के सान्या शहर में लगातार दूसरी बार हुए इस कॉम्पटीशन के फाइनल में वनीसा पोन्स डी लियोन विश्व सुंदरी का खिताब जीतने में कामयाब हो गई हैं। भारत की अनुकृति वास अंतिम 12 तक नहीं पहुंच पाईं। वे सिर्फ टॉप 30 में जगह बना सकीं। अनुकृति वास मिस इंडिया 2018 की विनर हैं। 17 साल बाद पिछले साल यानी 2017 में मिस वर्ल्ड का खिताब भारत की मानुषी छिल्लर ने जीता था। देश दुनिया के 118 प्रतियोगियों में से मैक्सिकन ब्यूटी वनीसा पोन्स डी लियोन को यह कामयाबी हासिल हुई। 2017 की विश्वसुंदरी मानुषी छिल्लर ने उन्हें ताज पहनाया। थाईलैंड की निकोलने पिशापा फर्स्‍ट रनरअप चुनी गईं।

भारत को अब तक मिले 6 खिताब

भारत की रीता फारिया (1966) मिस वर्ल्ड बनने वालीं देश की पहली महिला थीं। रीता के अलावा ऐश्वर्या राय (1994), डायना हेडन (1997), युक्ता मुखी (1999), प्रियंका चोपड़ा (2000) और मानुषी छिल्लर (2017) मिस वर्ल्ड का खिताब जीत चुकी हैं।