सोनीपत : 40 साल के पड़ोसी ने की चार वर्षीय मासूम से हैवानियत, बच्ची ने रोते हुए बताई करतूत

हरियाणा के सोनीपत में इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया जहां 40 साल के पड़ोसी ने चार वर्षीय मासूम से हैवानियत की। बच्ची ने रोते हुए अपनी मां को पड़ोसी की इस करतूत के बारे में बताया। इसके बाद परिजनों ने मामले से पुलिस को अवगत कराया। बच्ची को सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल खानपुर रेफर कर दिया गया। वहां उसका उपचार चल रहा है। मामले की जांच अधिकारी सुदेश कुमारी ने बताया कि पुलिस ने बच्ची के बयान सीडब्ल्यूसी के सामने भी दर्ज कराए हैं। इसके साथ ही पुलिस ने बच्ची के परिवार की आर्थिक मदद करने के लिए भी लिखा है। बच्ची की हालत में अब सुधार है।
यहां राई थाना क्षेत्र के एक गांव में यह वारदात हुई। पुलिस ने बच्ची की मां के बयान पर मुकदमा दर्जकर लिया है। राई थाना क्षेत्र के गांव में रह रही महिला ने बताया कि उसके पति कंपनी में काम करते हैं और परिवार सहित किराए के कमरे में रहते हैं। उनके पड़ोस में एक व्यक्ति भी किराए पर रहता है। महिला ने बताया कि शुक्रवार शाम को उसकी चार साल की बेटी व जेठ के बच्चे कमरे के बाहर खेल रहे थे। इसी दौरान आरोपी उसकी बेटी को खाने का सामान देने के बहाने अपने कमरे में लेकर गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। बेटी ने बाहर आकर रोते हुए बताया कि चाचा उसे कमरे में ले गया था।बच्ची की हालत देखकर पुलिस को शिकायत दी गई। मामले की सूचना पर पहुंची राई थाना पुलिस ने महिला के बयान दर्ज किए और आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्जकर लिया। शनिवार सुबह पुलिस बच्ची को लेकर सामान्य अस्पताल पहुंची। बच्ची की मेडिकल जांच के लिए चिकित्सकों के बोर्ड का गठन किया गया। सामान्य अस्पताल में बच्ची की मेडिकल जांच पूरी नहीं हो सकी। जिसके चलते उसे महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल खानपुर रेफर कर दिया गया। हालांकि शाम तक वहां भी मेडिकल नहीं हो सका था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।