बाड़मेर : 11 साल की मासूम से गैंगरेप, गर्भवती होने के बाद कराया गर्भपात, बिगड़ी बच्ची की तबियत

ग्यारह वर्षीय एक बालिका से सामूहिक दुष्कर्म के बाद वह गर्भवती हो गई और परिजनों ने उसका गर्भपात भी करवा दिया। इसके बाद उसकी तबीयत ज्यादा खराब होने पर उसे जोधपुर के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। यहां से डॉक्टरों ने बालिका के गर्भपात की सूचना बाड़मेर पुलिस को दी। इस पर स्पेशल क्राइम यूनिट इंवेस्टिेगेशन महिला सैल प्रभारी सीमा चौपड़ा ने जोधपुर पहुंच बालिका के बयान लिए। पुलिस ने मामला दर्ज किया। हालांकि परिजनों की ओर से अभी तक कोई रिपोर्ट नहीं दी गई है। मामला करीब 4-5 दिन पहले का बताया जा रहा है।

पुलिस महिला सैल प्रभारी सीमा चौपड़ा ने बताया कि एक बालिका जिसकी उम्र 11 वर्ष बताई जा रही है। उसके गर्भवती होने पर उसका गर्भपात करवा दिया। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई तो उसे जोधपुर के अस्पताल में भर्ती करवाया गया। बालिका बाड़मेर की होने से अस्पताल की ओर से बाड़मेर पुलिस को सूचना दी गई। इस पर पुलिस ने मामले की गंभीरता काे देखते हुए महिला थाना बाड़मेर में मामला दर्ज किया है।

11 वर्षीय बच्ची के साथ दो लोगों ने दुष्कर्म किया। मासूम के गर्भवती होने पर उसकी मां ने गर्भपात की गोली दी थी, इससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे जिला अस्पताल लेकर आए, जहां डॉक्टरों ने उसकी तबीयत बिगड़ी हुई देख जोधपुर रेफर कर दिया। जोधपुर में भर्ती करवाने पर डॉक्टरों को गर्भपात करवाने की जानकारी लग गई। इस पर परिजनों से डॉक्टरों ने पूछने पर उन्होंने भी स्वीकार कर दिया। इसके बाद बाड़मेर पुलिस को सूचना दी।

पर्चा बयान में दो लोगों पर गैंगरेप का आरोप

नाबालिग ने पुलिस को दिए बयान में दो लोगों पर गैंगरेप का आरोप लगाया है। उसने बताया कि वो एक आरोपी के घर गई थी, इस दौरान एक ने उसे जबरदस्ती पकड़ कर रखा और दूसरे युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। अब मामला सामने आने के बाद पुलिस भी पूरे मामले की छानबीन में लग गई है। पुलिस ने गैंगरेप का मामला दर्ज किया है।