उदयपुर : आज रहा साल का सबसे गर्म दिन, न्यूनतम तापमान में हुई 2 डिग्री की बढ़ोतरी

झीलों के शहर उदयपुर को राजस्थान में पर्यटन के लिए प्रसिद्द जगह माना जाता हैं। लेकिन गर्मी का बढ़ता सितम पर्यटकों को परेशान कर रहा हैं। आज शनिवार को उदयपुर के न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई और यह साल का सबसे गर्म दिन साबित हुआ। फरवरी के इस महीने में अप्रैल-मई की गर्मी प्रतीत होने लगी हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उदयपुर में अगले कुछ दिनों में तापमान में और अधिक इजाफा होने की संभावना है। जिसके बाद न्यूनतम तापमान 20 डिग्री, वहीं अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है।

बता दें कि लेक सिटी उदयपुर में बीते कुछ दिनों से तापमान परिवर्तन का दौर लगातार जारी है। जहां फरवरी के शुरुआती दिनों में उदयपुर का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। भारतीय मौसम केंद्र के वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बाद पहाड़ी इलाकों से सर्द हवाओं का आना धीमा हो गया है। जिसके बाद उदयपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में सर्दी का असर कम पड़ने लगा है। वहीं अब महीने की समाप्ति के साथ ही तापमान में 13 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। जिसके बाद न्यूनतम तापमान बढ़कर 17 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है।

मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि राजस्थान में उदयपुर समेत जयपुर, भरतपुर और बीकानेर जिलों में अगले 48 घंटों में तापमान में और अधिक इजाफा होने की संभावना है। इसके साथ ही अगले 7 दिनों में प्रदेश के कई इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के चलते हल्की बारिश भी गिर सकती है।