राजस्थान : बादलों ने किया तरबतर, शनिवार को भी सूरज के तेवर रहेंगे ढीले

पश्चिमी विक्षोभ के चलते आज शुक्रवार को मौसम का मिजाज अनुकूल रहा जिसमें तापमान में कमी आई और प्रदेश के कई इलाकों में बारिश के चलते गर्मी से थोड़ी राहत मिली। यह बंगाल की खाड़ी से नमी मिलने के कारण बना नया पश्चिमी विक्षोभ है। भरतपुर मे अलसुबह ही बादल छा गए और दिन चढ़ते ही हल्की बारिश हुई। दोपहर बाद कोटा में भी बारिश का दौर शुरू हो गया। जयपुर में भी कई दिनों से पड़ रही गर्मी में शुक्रवार को राहत मिली। बादल छाए रहे और ठंडी हवा भी चली। देर शाम तक कमोबेश ऐसा ही मौसम बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार ऐसा मौसम शनिवार को भी रह सकता है, क्योंकि शनिवार से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है।

पश्चिमी विक्षोभ है के असर से पूर्वी राजस्थान और आसपास के इलाकों में चक्रवात सक्रिय हो गया। राज्य के भरतपुर, धौलपुर, कोटा और बारां में शुक्रवार को कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हुई। विक्षोभ के कारण अगले दो दिन मौसम नरम रहेगा। इसके कारण दिन में सूरज के तेवर ढीले थे। तापमान में खासी कमी आई है। सुबह 10 बजे दिन का तापमान 19 डिग्री था, जो गत दिवस से 5 डिग्री कम है। मौसम विशेषज्ञ आरके सिंह के अनुसार नए विक्षोभ को बंगाल की खाड़ी की नमी से बल मिल गया है। साथ ही पूर्वी और पश्चिमी हवा का संयोजन हो रहा है। इससे मौसम प्रभावित होगा। गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी होने के साथ ओले भी पड़ सकते हैं। इधर, शुक्रवार को रात का तापमान बादल छाने के कारण कोटा में पारा 2.4 डिग्री बढ़ गया। न्यूनतम तापमान 19.7 डिग्री दर्ज किया गया।