भरतपुर : शादी के ढाई महीने बाद ही फरार हो गई लुटेरी दुल्हन, पति को नींद की गोली देकर लूट को दिया अंजाम

भरतपुर के बयाना से लुटेरी दुल्हन का मामला सामने आ रहा हैं जहां शादी के ढाई महीने बाद ही पति को नींद की गोली देकर महिला ने लूट को अंजाम दिया और फरार हो गई। वारदात बीती बुधवार रात हुई पत्नी ने उसे नींद की गोली खिलाकर बेहोश कर दिया और घर से सोने, चांदी के गहने और 30 हजार रुपए लेकर गायब हुई हैं। इसमें पति की हालत खराब होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। युवक ने 10 लाख रुपए देकर शादी की थी। रिश्ता तय होने पर पीड़ित भगवान सिंह ने अपने मामा के रिश्तेदार बिचौलिए को पैसे दिए थे। जब सुबह नीलम घर से गायब मिली तो भगवान सिंह बिचौलिए के घर पहुंचा, लेकिन बिचौलिया का भी कुछ पता नहीं लग पाया।

पुलिस ने बताया कि बयाना के सिकंदरा गांव के 35 साल के भगवान सिंह की शादी नहीं हो रही थी। भगवान सिंह के मामा हीरा गूजर ने अपने एक रिश्तेदार से बात की। हीरा के रिश्तेदार ने धौलपुर जिले के मोहरी का पुरा गांव की नीलम के बारे में बताया। नीलम और भगवान सिंह की शादी की बात हुई। तय हुआ कि वह नीलम के परिवार को शादी से पहले 10 लाख रुपए देगा। भगवानसिंह ने 10 लाख रुपए दे दिए, जिसके बाद 7 नवंबर को दोनों की शादी हो गई। भगवान सिंह ने बताया कि नीलम के पिता की जमीन विवाद के चलते हत्या कर दी गई थी। जिसका बदला लेने के लिए उसके दोनों भाइयों ने पिता की हत्या करने वाले व्यक्ति को जान से मार दिया। जिसके जुर्म में नीलम के दोनों भाई जेल में हैं।