कुशीनगर : विवाहिता की मौत पर उठे सवाल, लगाया दहेज हत्या का आरोप

उत्तरप्रदेश के कुशीनगर में एक विवाहिता की मौत पर सवाल खड़े हो गए जिसको लेकर मायकेवालों ने अंतिम संस्कार रुकवा दिया और ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया हैं। घटना जिले के तरयासुजान थानाक्षेत्र के डिबनी बंजरवा गांव के बाजार टोला की हैं। वशिष्ठ गुप्ता की पुत्रवधू रागनी (25) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल के लोग शव के अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटे थे, तभी मायके वाले पहुंच गए और अंतिम संस्कार रोक दिया।

तरयासुजान के एसओ धर्मेंद्र सिंह का कहना है कि मृतका के शरीर पर बाहरी चोट के किसी प्रकार के निशान नहीं हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पता चल सकेगा।

मृतका की मां उमा देवी पत्नी बलिस्टर गुप्ता पटहेरवा थानाक्षेत्र के गंगुवा गांव की निवासी हैं। उनका आरोप था कि वर्ष-2015 में रागिनी की शादी सुनील पुत्र वशिष्ठ से हुई थी। शादी के बाद से दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। रागनी की तीन बेटियां हैं। उमा देवी ने मृतका की सास, ससुर, देवर आदि के खिलाफ दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।