सीकर : सगाई के बाद युवक ने बनाए युवती से संबंध, 7 साल बाद किया शादी से इनकार

सीकर में मंगेतर के खिलाफ एक युवती ने रेप का मुकदमा दर्ज कराया है। युवती ने आरोप लगाए हैं कि सगाई करने के बाद युवक उसे घुमाने के लिए होटलों में ले गया। वहां जल्द शादी का भरोसा दिया और उसके साथ संबंध बनाए। हालांकि, सगाई के 7 साल बाद युवक शादी से मुकर गया। अब युवती ने युवक के खिलाफ उद्योगनगर थाने में रेप का मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस के मुताबिक, युवती ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि जब वह 16 साल की थी तो परिवार वालों ने उसकी सगाई जयपुर के एक युवक के साथ कर दी। पढ़ने के दौरान वह युवक उससे मिलने आने लगा। बालिग होने के बाद वह घुमाने के लिए ले जाने लगा। जल्द ही दोनों की शादी होने वाली है कहकर उद्योगनगर थाना इलाके की एक होटल में उसके साथ संबंध बनाए।पीड़िता का कहना है कि ऐसा एक बार नहीं कई बार उसे लेकर जाता था। इसलिए विरोध नहीं किया। क्योंकि, सगाई हो चुकी थी और शादी जल्द होने वाली थी। लेकिन अब 23 साल होने के बाद भी युवक शादी नहीं कर रहा। घरवालों ने पूछा तो शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद युवती ने परिवारवालों को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, आरोपी युवक को जांच के लिए बुलाया है।