कर्नाटक : कोरोना वायरस संक्रमित होने के शक में शख्‍स ने की आत्महत्या

देश में कोरोना वायरस (Coronavirus) संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। अब तक 780 लोग इससे संक्रमित हैं। 19 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में सबसे ज्यादा मामले केरल, महाराष्ट्र और कर्नाटक से सामने आ रहे है। देश में बढ़ते मामलों के बीच लोगों में खौफ का माहौल भी है। कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले में 56 वर्षीय एक व्यक्ति ने कथित रूप से कोरोना वायरस से संक्रमित होने के संदेह में आत्महत्या कर ली। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी। मृतक की पहचान सदाशिव शेट्टी के रूप में हुई है। वह दक्षिण कन्नड़ जिले के बंतवाल तालुक के मेरामजालू गांव के निवासी थे। वह यहां एक पेट्रोल पंप में काम करते थे। सूत्रों ने कहा कि उन्होंने आज तड़के अपने घर में छत के पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली।

सूत्रों के मुताबिक शेट्टी ने यह कदम शायद इसलिए उठाया हो कि उन्हें शक हुआ हो कि पेट्रोल पंप पर अन्य लोगों के संपर्क में आकर वह भी कोरोना वायरस की चपेट में आ गए हैं। मृतक की पत्नी की शिकायत पर बंतवाल ग्रामीण थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। इससे पहले निकटवर्ती उडुपी जिले के उप्पूर गांव में बुधवार को एक अधेड़ व्यक्ति ने भी कोरोना वायरस से संक्रमित होने के संदेह में आत्महत्या कर ली थी।

बता दे, शुक्रवार को कर्नाटक के तुमकुर में कोरोना वायरस संक्रमित 65 वर्षीय एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई है। राज्य में इस बीमारी से यह तीसरी मौत है। राज्य में इससे पहले 70 साल की महिला एवं 76 साल के एक पुरूष की कोविड-19 के चलते मौत हो गई थी।