झुंझुनूं : सलाखों के पीछे पहुंचा घर में घुसकर नाबालिग से दुष्कर्म करने वाला आरोपी

जिले के खेतड़ी क्षेत्र में कांकरिया में घर में घुसकर नाबालिग से दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी सुरेंद्र देगड़ा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी कांकरिया निवासी राकेश कुमार शर्मा उर्फ प्रतु (26) है। जिसने 25 दिसंबर को कुछ युवकों के साथ एक घर में घुस कर नाबालिग से दुष्कर्म किया था। पुलिस ने मुख्य आरोपी राकेश कुमार शर्मा को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। आरोपी राकेश कुमार कांकरिया में किराणा की दुकान चलाता है।
इस संबंध में नाबालिग के परिजनों ने 28 दिसंबर को राकेश, दीपेंद्र तथा योगेश के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। राकेश पर दुष्कर्म करने तथा योगेश व दीपेंद्र पर वीडियो बना कर वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाया था। आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर ग्रामीणों ने कांकरिया में प्रदर्शन कर रास्ता जाम भी किया था। इस मामले की जांच डीएसपी विजय कुमार ने की।