महाराष्ट्र: जमानत पर छूटे बलात्कार के आरोपी ने किया 3 वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में जमानत पर रिया हुए बलात्कारी ने एक तीन वर्षीय बालिका का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया और उसकी हत्या कर दी। एक पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को इस बात की जानकारी देते हुए कहा कि आदेश पाटिल (34) ने बुधवार को तड़के रायगढ़ जिले के एक गांव में अपने घर में माता-पिता के पास सो रही बालिका का अपहरण कर लिया था। पीड़ित परिवार एक आदिवासी समुदाय से है।

उन्होंने बताया कि पाटिल बालिका को एक स्कूल के पीछे एक सुनसान स्थान पर ले गया जहां उसने उसके साथ बलात्कार किया और उसकी हत्या कर दी। अधिकारी ने बताया कि उसकी दादी को बालिका मिली। उसे एक सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि पाटिल को उसी समय इलाके में घूमते देखा गया था, इसलिए पुलिस को इस जघन्य अपराध में उसका हाथ होने का शक है। उन्होंने बताया कि उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं और दस दिन पहले ही वह बलात्कार के एक मामले में जमानत पर बाहर आया था।

अधिकारी ने बताया कि पाटिल का पता लगाने के लिए एक विशेष टीम गठित की गई थी। उन्होंने बताया कि उसे बुधवार की शाम गिरफ्तार कर लिया गया और एक अदालत ने उसे बृहस्पतिवार को आठ जनवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। उन्होंने बताया कि उसके खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण करने संबंधी अधिनियम (पोक्सो) और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।