कोरोना संकट : पीपीई किट पहनकर चोरों ने की चोरी, एक लाख रुपए से ज्यादा नकदी चुराई

देश में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे है। महाराष्ट्र कोरोना संकट से सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां 2000 से ज्यादा संक्रमित मामले सामने आ चुके है और 150 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में 30 अप्रैल तक लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है। काम-धंधे बंद हैं। लोग घरों में हैं। लेकिन, इन सबके बीच चोर शांत नहीं हैं। वह वारदात को अंजाम दे रहे हैं। पुणे में चोरी का एक ऐसा ही मामले सामने आया है, जिसमें चोरों ने पीपीई किट (PPE Kit) पहनकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरी की वारदात सीसीटीवी में भी कैद हो गई। पुलिस मामला दर्ज कर इनकी तलाश कर रही है।
क्या होती है पीपीई किट

आपको बता दे, पीपीई किट (PPE Kit) कोरोना मरीजों का इलाज कर रहे डॉक्टरों के लिए एक प्रोटेक्शन किट होता है जिससे उन्हें कोरोना वायरस का खतरा कम हो। इस किट में चार से पांच चीजें रहती है जिसका इस्तेमाल मरीजों का इलाज करते समय डॉक्टरों को करना होता है। इस किट में मास्क, आई शील्ड, शू कवर, गाउन, ग्लव्स होते हैं जिसे पहन कर डॉक्टर कोरोना मरीजों का इलाज करते हैं। अलग-अलग बीमारियों के लिए अलग तरह के पीपीई किट्स हो सकते हैं लेकिन आम तौर पर मास्क, ग्लोव्स, गाउन, एप्रन, फेस प्रोटेक्टर, फेस शील्ड, स्पेशल हेलमेट, रेस्पिरेटर्स, आई प्रोटेक्टर, गोगल्स, हेड कवर, शू कवर, रबर बूट्स इसमें गिने जा सकते हैं।

पुलिस ने बताया कि चोरों ने वारदात पुणे से सटे पिंपरी चिंचवाड़ में की। यहां के रावेत इलाके में शुक्रवार तड़के दो चोरों ने पीपीई किट पहनकर तीन मेडिकल स्टोर और एक किराना की दुकान में चोरी की। पुलिस ने घटना का सीसीटीवी फुटेज जारी कर आरोपियों को जल्द पकड़ने की बात कही है। जो वीडियो सामने आया है उसमें आरोपी दुकान का शटर तोड़ते हुए और दुकान के अंदर घुसकर चोरी करते हुए नजर आ रहे हैं।इस मामले में जिस दुकान में चोरी हुई उसके मालिक धनाराम मोतीलाल ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि तड़के 3:55 मिनट पर चोर आए थे। चोरों ने कोरोना की सेफ्टी के लिए पहनी जाने वाली किट पहन रखी थी। पहले शटर का ताला तोड़ा और फिर दुकान के काउंटर में रखा हुआ कैश निकालकर चले गए। हमें सुबह घटना की जानकारी हुई। वहीं, इस पूरी घटना पर पुलिस का कहना है अभी तक आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है। दोनों चोर चारों दुकान से करीब 1 लाख से ज्यादा कैश ले उड़े हैं। पुलिस इस मामले में आसपास के मेडिकल स्टोर या हॉस्पिटल में पूछताछ करके यह पता लगा रही है कि आखिर चोरों को पीपीई किट (PPE Kit) कहां से मिली।