महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1000 पार, 64 लोगों की हुई मौत

भारत में कोरोना मरीजों की संख्या 4700 से ज्यादा हो चुकी है। वहीं मरने वालों का आंकड़ा 124 तक पहुंच गया है। देश में सबसे ज्यादा बुरे हालात महाराष्ट्र के है। यहां कोरोना के मरीजों की संख्या 1000 के पार पहुंच गई है। मंगलवार को 150 मामले आने के बाद अब महाराष्ट्र में कोरोना के संक्रमितों की कुल संख्या 1018 हो गई है। जबकि 64 मरीजों की मौत हो चुकी है। आलम यह है कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के घर 'मातोश्री' के घर के पास भी कोरोना वायरस का एक संक्रमित पाया गया है।

पिछले 24 घंटे में महाराष्ट्र में Covid-19 के 150 नए मामले सामने आए। अकेले मुंबई में कोरोना के 642 केस हैं। वहीं, 40 लोगों की मौत हुई है। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि महाराष्ट्र देश का पहला राज्य है, जहां वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 1,000 से ऊपर चली गई है। राज्य में अभी तक वायरस से संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 1,018 हो गई है। राजधानी मुंबई में ही कोरोना के 500 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। राज्य में कोरोना के मामलों की संख्या काफी तेजी से बढ़ रही है। सिर्फ मंगलवार को ही महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के 12 मरीजों की मौत हो गई। इसमें से तीन मरीज पुणे के थे। हालांकि, ये तीनों मरीज पहले से भी कुछ अन्य बीमारियों से संक्रमित थे।

स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को आए Covid-19 के 150 नए मामलों में से 116 अकेले मुंबई से आए हैं। उन्होंने बताया कि अन्य मामलों में- पुणे में 18, अहमदनगर, नागपुर और औरंगाबाद में तीन-तीन, ठाणे और बुल्ढाणा में दो-दो और सतारा, रत्नागिरि और सांगली में एक-एक लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। राज्य में कोरोना के चलते मरने वालों की संख्या अब 64 पहुंच गई है। वहीं, अब तक कुल 79 लोग ठीक होकर डिस्चार्ज भी हो चुके हैं।