Madhya Pradesh News: 54 यात्रियों से भरी बस बाणसागर नहर में गिरी, 38 लोगों के शव बरामद

मध्यप्रदेश के सीधी में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यात्रियों से भरी बस बाणसागर नहर में गिर गई। बस में 54 यात्री सवार थे। बस सीधी से सतना जा रही थी। नैकिन में यह पटना पुल के पास नहर में गिर गई। हादसे की वजह अभी सामने नहीं आई है। अब तक 38 लोगों के शव नहर से निकाले गए हैं। 7 यात्रियों को बचाया गया है। पुलिस के मुताबिक, हादसा रामपुर के नैकिन इलाके में सुबह करीब 07:30 बजे हुआ है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने हादसे की सूचना मिलते ही सीधी में अधिकारियों से बात की है और रेस्क्यू ऑपरेशन तेज करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही सरकार ने ऐलान किया है कि प्रत्येक मृतक के परिवार को 5 लाख रुपये का मुआवज़ा दिया जाएगा। SDRF की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गई है। क्रेन के अलावा अन्य मशीनरी भी बुलाई गई है। गोताखोर भी वहां मौजूद हैं। ऐहतियातन बाणसागर डैम से नहर का पानी रोक दिया गया है। नहर का जलस्तर कम करने के लिए इसके पानी को सिहावल नहर में भेजा जा रहा है।