MP News: इंदौर में नहीं मिल रहे बेड, मरीज भटक रहे; राज्य में नए संक्रमितों का आंकड़ा 9,000 के पार

मध्य प्रदेश में बुधवार को 9,720 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 3,657 लोग रिकवर हुए और 51 की मौत हो गई। अब तक यहां 3.63 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3.09 लाख लोग ठीक हो चुके हैं। 4,312 मरीजों की जान चली गई। 49,551 मरीजों का इलाज चल रहा है। इंदौर में लगातार दूसरे दिन नए केसों का आंकड़ा 1500 से ज्यादा रहा। 1611 नए केस आए। 6 मरीजों की मौत भी हो गई। यहां एक्टिव मरीज अब 9275 हैं, जबकि कुल मरीज 82597 हैं। पॉजिटिव दर 20.7% है। हालात यह हैं कि सभी बड़े अस्पतालों में बेड फुल हो चुके हैं। समय पर इलाज न मिलने की वजह से नारकोटिक्स एसआई पन्नालाल चौहान के 36 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। पिता का आरोप है कि बेटे को लेकर वे तीन अस्पताल भटके, लेकिन इलाज नहीं मिला। चोइथराम अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बढ़ते मरीजों की संख्या की वजह से राधा स्वामी सत्संग आश्रम में 500 बिस्तरों का अस्थाई सेंटर तैयार किया जा रहा है। छत्रीपुरा थाने के सब इंस्पेक्टर की भी कोरोना से मौत हो गई है।

प्रदेश की राजधानी भोपाल में कोरोना से स्थिति खराब होती जा रही है। रोज नए केस बढ़ते जा रहे हैं। 24 घंटे में 1,497 नए केस आए हैं और 4 की मौत हुई है। 70 पुलिसकर्मी संक्रमित मिले हैं। शहर में सरकारी आंकड़ों में भले ही 4 मौत बताई जा रही हैं, लेकिन हकीकत इससे अलग जान पड़ती है। भोपाल के भदभदा विश्राम घाट पर ही कल 47 शवों के अंतिम संस्कार कोरोना प्रोटोकॉल से हुए हैं। यहां एक दिन पहले 1,456 केस आए थे। अस्पतालों में व्यवस्था कम पड़ने लगी है। अस्पताल ऑक्सीजन की कमी से जूझ रहे हैं।