मध्य प्रदेश: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला गेस्ट लेक्चरर ने मुंडवा अपना सिर, बताई ये वजह

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मध्य प्रदेश के भोपाल में एक 42 वर्षीय महिला गेस्ट लेक्चरर ने अपना सिर मुंडवा लिया है। गेस्ट लेक्चरर नीमा सिंह कॉलेज की अपनी नौकरी को नियमित करने की मांग को लेकर ये कदम उठाया। आपको बता दे, नीमा सिंह उन टीचिंग स्टाफ में से एक हैं जो पिछले कई हफ्तों से स्थाई किए जाने को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी मांग है कि उन्हें स्थाई तौर पर नियुक्त किया जाए।

90 दिनों से है धरने पर

मध्य प्रदेश के गेस्ट लेक्चरर्स संघ के अध्यक्ष डॉ देवराज सिंह ने पीटीआई को बताया कि अन्य मांगों के साथ हमारी मांग है कि हमारी नौकरियों को नियमित किया जाए। नीमा कटनी में एक कॉलेज में काम करती हैं, उन्होंने इन मांगों को लेकर सिर मुंडवाया साथ ही आठ पुरुष गेस्ट लेक्चरर्स ने भी अपने सिर मुंडवाए। उन्होंने बताया कि हम पिछले 90 दिनों से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
मांगों को लेकर जाएंगे दिल्ली

उन्होंने कहा कि उनकी मांगों में पूर्व सहयोगियों को बहाल करना भी शामिल है जिन्हें बर्खास्त कर दिया गया था। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर राज्य सरकार ने जल्द ही हमारी मांगें नहीं मानीं तो हम नई दिल्ली जाएंगे और वहां अपना सिर मुंडन करवाएंगे।