राजद ने जारी किया घोषणा पत्र, दलित-पिछड़ों को आबादी के अनुसार आरक्षण, ताड़ी खरीदना-बेचना होगा लीगल

लोकसभा चुनाव 2019 के पहले चरण के मतदान के पहले सोमवार को बिहार में मुख्य विपक्षी दल और विपक्षी महागठबंधन में शामिल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने यहां अपना घोषणा पत्र जारी किया। 'प्रतिबद्घता पत्र' के नाम से जारी इस घोषणा पत्र में ताड़ी (एक प्रकार का पेय पदार्थ) बिक्री और सेवन को वैध करने तथा प्रमोशन में आरक्षण देने का वादा किया गया है।

राजद के वरिष्ठ नेता और राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी ने पार्टी के प्रदेश कार्यालय में 'प्रतिबद्धता पत्र' जारी करते हुए कहा कि केंद्र सरकार में अगर उनकी सहभागिता होती है तो 2021 में जातिगत जनगणना करवाया जाएगा। तेजस्वी ने कहा कि अगर उनकी सरकार में सहभागिता हुई तो बिहार में ताड़ी पीने व बिक्री पर से पाबंदी हटा ली जाएगी और पहले जैसी स्थिति बहाल कर दी जाएगी। राजद के घोषणा पत्र में 'हर थाली में खाना और हाथ में कलम' देने की बात कही गई है। तेजस्वी ने इस चुनाव के लिए जारी कांग्रेस के घोषणापत्र को सही ठहराया। उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर सवर्णो को दिए गए आरक्षण पर कहा कि सामान्य आरक्षण का लाभ सिर्फ अमीरों को मिला, गरीबों को इसका लाभ नहीं मिला। उन्होंने कांग्रेस की 'न्याय योजना' का भी समर्थन करते हुए कहा कि इसका सबसे ज्यादा लाभ बिहार जैसे पिछड़े राज्यों को होगा।

तेजस्वी यादव ने राजद का घोषणापत्र पढ़ते हुए कहा कि

- राजद दलित पिछड़ों को आबादी के अनुपात में आरक्षण देगी।
- मंडल कमीशन के बाकी सुझावों को लागू करेंगे।
- लोहिया की समाजवादी विचारधारा से करेंगे गरीब-गुर्बों का कल्याण।
- हर थाली में रोटी और हर हाथ में काम।
- अल्पसंख्यक समुदाय के सर्वांगीन उन्नति को प्रतिबद्ध है।
- राजद प्रोमोशन में भी आरक्षण की पैरोकार है।
- 200 प्वाइंट रोस्टर प्रणाली को संवैधानिक मान्यता देगा।
- निजी संस्थानों की नौकरियों में भी आरक्षण।
- 2021 में सभी जातियों की जनगणना सुनिश्चित करेगा।
- सभी को शिक्षा,स्वास्थ्य, रोजगार सुनिश्चित करेंगे।
- बिहार से पलायन रोकने को शिक्षा व रोजगार पर बल।
- राज्य में खाली पड़े पदों को जल्द से जल्द भरेंगे।
- ताड़ी खरीदने-बेचने पर रोक हटाएंगे, इसे लीगल करेंगे।
- पुलिस में भर्ती आठवीं पास की योग्यता से शुरू करेंगे।
- प्रवासी बिहारियों को सुरक्षा मुहैया कराएंगे। मदद के लिए देशभर में कॉल सेंटर।
- कांग्रेस की न्याय योजना का भरपूर समर्थन करते हैं।