'ईरान को परमाणु हथियार मिले तो वह तुरंत इस्तेमाल करेगा', मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच ट्रंप का बड़ा बयान

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में ईरान के खिलाफ अमेरिकी हमलों का समर्थन करते हुए जोर देकर कहा कि ईरान के पास परमाणु हथियार कभी नहीं आना चाहिए। ट्रंप ने चेतावनी दी कि यदि ईरान के हाथ यह हथियार लग गया, तो वह इसे तुरंत सक्रिय कर सकता है, जिससे पूरे मध्य-पूर्व में भारी तबाही हो सकती है। ट्रंप ने कहा, मैं युद्ध नहीं चाहता, लेकिन ईरान के नेता हिंसक और क्रूर हैं। पिछले तीन हफ्तों में उन्होंने 32,000 प्रदर्शनकारियों को मार डाला। यदि आप सोचते हैं कि ईरान को परमाणु हथियार मिलने चाहिए, तो आपकी सोच में गंभीर समस्या है, क्योंकि वे इसे एक घंटे या एक दिन में इस्तेमाल कर देंगे।
ईरान पूरे मध्य-पूर्व को कर सकता है तबाह

ट्रंप ने आगे कहा कि ईरान केवल इजरायल ही नहीं, बल्कि पूरे मध्य-पूर्व को परमाणु हथियारों से तबाह कर सकता है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी हमलों ने पिछले दो हफ्तों में ईरान की सैन्य शक्ति को बुरी तरह कमजोर कर दिया है। ट्रंप ने कहा, हमने सिर्फ दो हफ्तों में उन्हें इतना कमजोर कर दिया कि उनके पास नौसेना, वायुसेना, एंटी-एयरक्राफ्ट सिस्टम और सैन्य नेतृत्व कुछ भी शेष नहीं रहा। उनका नया नेतृत्व भी खत्म हो गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई केवल अमेरिका के हित के लिए नहीं, बल्कि पूरी दुनिया की सुरक्षा के लिए की गई है।

होर्मुज जलडमरूमध्य पर ट्रंप की चिंता

ट्रंप ने दोहराया कि अगर ईरान के पास परमाणु हथियार आए, तो दुनिया का बड़ा हिस्सा तबाह हो सकता है और ईरान इसे तुरंत इस्तेमाल कर सकता है। उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य की रणनीतिक अहमियत पर भी जोर दिया। ट्रंप ने कहा कि कई देशों को अपनी ऊर्जा जरूरतों का 90–95 प्रतिशत हिस्सा इसी मार्ग से मिलता है। उन्होंने कहा, हमारे पास सिर्फ एक छोटा सा चोक पॉइंट है, और ईरान ने सालों तक इसे अपने फायदे के लिए इस्तेमाल किया, लेकिन अब यह रणनीति काम नहीं कर रही।