रायबरेली : पर्चा भरने से पहले सोनिया गांधी ने की पूजा, राहुल-प्रियंका साथ में, 6 मई को होगा मतदान

यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी का रायबरेली में रोड शो जारी है। वे 5वीं बार रायबरेली से पर्चा दाखिल करेंगी। उन्होंने नामांकन दाखिल करने से पहले पूजा और हवन भी किया। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद रही। बता दे, 1967 से ही गांधी परिवार पूजा-पाठ करके ही कलेक्ट्रेट में नामांकन के लिए पहुंचता हैं। सोनिया भी उसी परंपरा का पालन करती आई हैं। सोनिया इस सीट पर 2004 से प्रतिनिधित्व करती आ रहीं हैं। इस बार उनका मुकाबला कभी कांग्रेस में रहे दिनेश प्रताप सिंह से है। दिनेश को भाजपा ने उम्मीदवार बनाया है। इस सीट पर 5वें चरण में 6 मई को मतदान होगा। सोनिया ने साल 2004, 2006 के उपचुनाव, 2009 और 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज की। साल 1957 के बाद कांग्रेस ने इस सीट पर उपचुनाव सहित 19 बार जीत दर्ज की है। रायबरेली सीट पर सपा-बसपा गठबंधन ने उम्मीदवार नहीं उतारा है।

वही इस सीट से कांग्रेस को 1977, 1996 और 1998 में हार का सामना करना पड़ा। आपातकाल के बाद 1977 में भारतीय लोक दल के राज नारायण ने तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को हराया था। 1996 एवं 1998 में भाजपा उम्मीदवार अशोक कुमार सिंह ने इस सीट पर जीत दर्ज की। यहां से फिरोज गांधी, इंदिरा गांधी, अरुण नेहरू, शीला कौल और सतीश शर्मा चुनाव लड़ चुके हैं।