राहुल गांधी का दावा - डिक्शनरी में जोड़ा गया नया शब्द 'Modilie'

इंग्लिश डिक्शनरी में एक नया शब्द Modilie को जोड़ा गया है। ऐसा दावा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने किया है। राहुल गांधी ने अपने ट्विटर अकाउंट पर पहले एक स्क्रीन शाट और इसके बाद modilie.in डोमेन भी शेयर किया। राहुल ने जो स्क्रीन शॉट शेयर किया है उसमें ‘मोदीलाई' नामक जिस शब्द का उल्लेख किया उससे जुड़े स्नैपशॉट में इसके कई अर्थ भी बताए गए हैं। शेयर किए गए स्क्रीनशॉट में बताया गया कि इसका अर्थ 'लगातार और आदतन झूठ बोलना', 'बिना रुके झूठ बोलना' बताया गया है. इसे राहुल का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज माना जा रहा है।

राहुल गांधी ने अपने ट्वीट में जो स्क्रीन शॉट लगाया है। उसमें दाईं तरफ कांग्रेस का विज्ञापन भी नजर आ रहा है।

इंटरनेट पर नहीं मिला ऐसा कोई शब्द

राहुल ने जी स्क्रीन शॉट शेयर किया है उससे पता चलता है कि वह ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी के लाइव सेक्शन में सर्च किया गया है। लेकिन उस सेक्शन में सर्च करने पर डिक्शनरी बताती है कि ऐसा कोई शब्द ही नहीं है। गूगल सर्च इंजन में भी तलाशने पर यह शब्द नहीं मिलता, बल्कि इसकी जगह राहुल की Modilie शब्द से संबंधित खबरें ही नजर आती हैं।

वेबसाइट पर नरेंद्र मोदी से संबंधित खबरों का संग्रह

राहुल ने अपने अगले ट्वीट में लिखा है- modilie एक नया शब्द है, जो दुनिया भर में लोकप्रिय हो चुका है। अब इस पर एक वेबसाइट भी आ गई है इसमें सबसे अच्छे modilies की सूची है।