कांग्रेस राष्ट्र विरोधियों के साथ खड़ी है : रविशंकर प्रसाद

बुधवार को केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि विपक्षी कांग्रेस पार्टी राष्ट्र विरोधियों के साथ खड़ी है। प्रसाद ने कहा, 'कांग्रेस टुकड़े-टुकड़े गैंग के साथ खड़ी है और उसका समर्थन कर रही है। कांग्रेस का घोषणा पत्र देश को बांटने का है और यह राष्ट्र विरोधियों के दिल को सुकून देगा।' उन्होंने कहा कि कांग्रेस सेना व सुरक्षा बलों के मनोबल को घटने का हर काम कर रही है। केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस को यह बताने को भी कहा कि केंद्र में पूर्ववर्ती संप्रग सरकार के दस साल के कार्यकाल में कितने रोजगार सृजित हुए। प्रसाद ने कहा कि राजग सरकार पाकिस्तान व आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब दे रही है।

बता दे, रविशंकर प्रसाद पटना साहिब लोकसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार हैं। भाजपा ने मौजूदा सांसद अभिनेता से राजनेता बने शत्रुघ्न सिन्हा को टिकट देने से इनकार करने के बाद रविशंकर प्रसाद को पटना साहिब से उम्मीदवार बनाया है।

मायावती ने कांग्रेस के घोषणापत्र को बताया छलावा

बसपा सुप्रीमो मायावती (Mayawati) ने कांग्रेस के घोषणा पत्र को झूठा और छलावा बताया है। बसपा नेता ने बुधवार को अपने ट्वीट में कहा 'लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस का घोषणापत्र पूर्व के उनके वादों की तरह ही दिखावा और छलावा ज्यादा लगता है। कांग्रेस की लगातार वादाखिलाफी का ही परिणाम है कि उसके वादों के प्रति जनता में विश्वास नहीं है। वैसे इस मामले में कांग्रेस और भाजपा में ज्यादा फर्क नहीं है।'

कांग्रेस की तरह उसका चुनावी घोषणापत्र भी भ्रष्ट और झूठ से भरा : PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) आज रुणाचल प्रदेश के पासीघाट में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के घोषणापत्र (Congress Manifesto) को पाखंड से भरा दस्तावेज करार दिया। उन्होंने कहा कांग्रेस की तरह उसका चुनावी घोषणापत्र भी भ्रष्ट और झूठ से भरा हुआ है। उसे पाखंड से भरा दस्तावेज कहना चाहिए। जो लोग देश का अपमान करते हैं ऐसे लोगों से कांग्रेस सहानुभूति रखती है। जो भारत के संविधान को नहीं मानत ऐसे लोगों के खिलाफ देशद्रोह का जो कानून है उसको खत्म करने का वादा कांग्रेस पार्टी ने किया है।