लोकसभा चुनाव 2019 : कांग्रेस ने जारी की 7वीं लिस्ट, राज बब्बर मुरादाबाद की जगह फतेहपुर सीकरी से लड़ेंगे चुनाव, नसीमुद्दीन सिद्दीकी, इमरान प्रतापगढ़ी, रेणुका चौधरी को टिकट
कांग्रेस (Congress) ने लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Polls 2019) के लिए 35 उम्मीदवारों की सातवीं सूची (Congress Second List) जारी कर दी है। खास बात यह है कि नई सूची में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के कद्दावर नेता राज बब्बर (Raj Babbar) की सीट बदल दी गई है। राज बब्बर (Raj Babbar) 2014 के लोकसभा चुनाव में मुरादाबाद से उम्मीदवार थे लेकिन अब वह फतेहपुर सीकरी से चुनाव लड़ेंगे। मुरादाबाद में राज बब्बर (Raj Babbar) की जगह पार्टी ने इमरान प्रतापगढ़ी को टिकट दिया है। यूपी की बिजनौर सीट से इंद्रा भट्टी की जगह नसीमुद्दीन सिद्दीकी को टिकट दिया गया है। मेरठ में तैनात रहीं आईआरएस अफसर प्रीता हरित को आगरा से उम्मीदवार बनाया गया है।
आपको बता दें कि कांग्रेस की सातवीं सूची में छत्तीसगढ़ की 4, जम्मू-कश्मीर की 3, महाराष्ट्र की 5, ओडिशा की 2, तमिलनाडु की 8, तेलंगाना की 1, त्रिपुरा की 2, उत्तर प्रदेश की 9 और पुड्डुचेरी की 1 सीट पर प्रत्याशी घोषित किये गए हैं।
हालांकि सूची जारी होने के पहले से ही ऐसी चर्चा थी कि राज बब्बर मुरादाबाद से चुनाव नहीं लड़ना चाहते हैं, बल्कि फतेहपुर सीकरी से मैदान में उतरना चाहते हैं। उसके बाद से ही सीट बदलने की सुगबुगाहट शुरू हो गई थी। कांग्रेस की लिस्ट में पूर्व केंद्रीय मंत्री रेणुका चौधरी और विक्रमादित्य सिंह का भी नाम है। विक्रमादित्य सिंह पूर्व केंद्रीय मंत्री करन सिंह के बेटे हैं। उन्हें जम्मू-कश्मीर के उधमपुर से उम्मीदवार बनाया गया है। रेणुका चौधरी तेलंगाना के खम्मम सीट से चुनाव लड़ेंगी।
आपको बता दें कि कांग्रेस ने ओडिशा विधानसभा चुनावों के लिए भी आज 54 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। गौरतलब है कि कांग्रेस की अब तक जारी की गई लिस्ट में तमाम कद्दावर नेता शामिल हैं। प्रिया दत्त (Priya Dutt) को मुंबई नॉर्थ सेंट्रल से चुनाव मैदान में उतारा गया है। तो वहीं, बीजेपी से कांग्रेस में शामिल हुईं सावित्री बाई फुले (Savitri Bai Phule) को उत्तर प्रदेश के बहराइच से चुनाव मैदान में उतार गया है। इसके अलावा श्रीप्रकाश जायसवाल (Sriprakash Jaiswal) को कानपुर से, मिलिंद मुरली देवरा (Milind Murli Deora) को दक्षिण मुंबई से और पूर्व गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे (Sushil Kumar Shinde) को महाराष्ट्र के सोलापुर से टिकट दिया गया है।