अपनी चाची के खिलाफ सुल्तानपुर में आज प्रचार करेंगे राहुल गांधी, सोनिया प्रियंका जाएंगी रायबरेली

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर से कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आज बीजेपी उम्मीदवार मेनका गांधी के खिलाफ चुनाव प्रचार करेंगे। राहुल गांधी मेनका गांधी के खिलाफ शाम 4 बजे सुल्तानपुर जिले में अमहट के पास पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इस बार बीजेपी ने मेनका गांधी और उनके बेटे वरूण गांधी की सीटों की अदला बदली कर दी है। इस बार मेनका गांधी सुल्तानपुर और वरुण गांधी पीलीभीत से चुनाव लड़ रहे हैं। वर्तमान में मेनका गांधी पीलीभीत और वरुण गांधी सुल्तानपुर से सांसद हैं। सुल्तानपुर के अलावा राहुल गांधी यूपी के बाराबंकी, अमेठी और रायबरेली के चुनावी दौरे पर भी रहेंगे। वह अमेठी, रायबरेली में जनसभाएं करेंगे। अमेठी लोकसभा सीट पर राहुल गांधी का मुख्य मुकाबला बीजेपी उम्मीदवार स्मृति ईरानी से है।

राहुल गांधी के अलावा यूपीए की चेयरपर्सन सोनिया गांधी और पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा दो दिन के चुनावी दौरे पर आज रायबरेली पहुंचेंगी। यहां से वह अमेठी के लोकसभा क्षेत्र में तिलोई विधानसभा में कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगी। सोनिया यहां से भुएमऊ गेस्ट हाउस जाएंगी जहां वह पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से मुलाकात करेंगी। सोनिया और प्रियंका फुरसतगंज हवाई अड्डे पर 2 बजे पहुंचेगी। प्रियंका दोपहर 3 बजे रायबरेली सदर विधानसभा क्षेत्र में अमावां ब्लॉक में सभा करेंगी और शाम 4 बजे मेहरगंज में सभा करेंगी। शाम 4:30 बजे वह भुएमऊ गेस्ट हाउस के लिए निकलेंगी जहां रात्रि विश्राम करेंगी।