राजधानी जयपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया हैं जहां लिवइन में रह रही प्रेमिका का प्रेमी ने मर्डर कर दिया और इसे सुसाइड बताने के लिए उसके गले में दुपट्टा बांध दिया। हत्या के बाद से आरोपी प्रेमी फरार है। प्रेमी के खिलाफ हत्या का मामला करधनी थाने में दर्ज कर लिया गया है। हत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। प्रेमी के मोबाइल नंबर पर कॉल किया तो नंबर बंद मिला। सीआई करधनी बीएल मीणा ने बताया कि पर मिले सबूत के आधार पर पुलिस को हत्या का शक हुआ। आरोपी की मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है दोनों 15 दिन पहले ही जयपुर आए थे।
घटना शहर के करधनी इलाके में बुधवार शाम की बतायी जा रही है। पुलिस ने बताया कि विक्रम (26) चंडीगढ़ की प्राइवेट कंपनी में जॉब करता था। 15 दिन पहले ही वह रोशनी (28) के साथ जयपुर आया था। करधनी में ही दोनों ने कमरा किराए पर लिया। यहां वे लिवइन में रह रहे थे। बुधवार शाम को विक्रम ने रोशनी की गला घोंटकर हत्या कर दी। शाम को जब मकान मालिक राजेंद्र यादव ने रोशनी का शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। हादसे के बाद से विक्रम फरार है। मकान मालिक ने जब विक्रम को घटना की जानकारी दी तो वह फोन पर रोने लगा। मकान मालिक से बोला कि आप लोग जल्दी से उसे अस्पताल लेकर जाओ। मैं सीधे अस्पताल पहुंच रहा हूं। सीआई ने बताया कि उसके बाद से आरोपी का मोबाइल फोन बंद हैं। वहीं पुलिस जांच में सामने आया कि विक्रम दौसा का रहने वाला है और रोशनी यूपी के हरदोई की रहने वाली है। जयपुर आने से पहले विक्रम चंडीगढ़ में था। दोनों की वहीं पर मुलाकात हुई थी। वहां भी लिव इन में रहते थे। जयपुर में भी मकान मालिक राजेंद्र यादव को यही बताया कि दोनों पति-पत्नी हैं, जबकि दोनों लिव इन में रह रहे थे।