नागौर : ठेके पर झगड़ों से परेशान हो गांव सिलारिया ने की शराबबंदी की पहल, पीने और बेचने पर जुर्माना

अक्सर देखा जाता हैं कि लोग शराब के नशे में झगड़े करते हुए नजर आते हैं। इसको देखते हुए नागौर जिले के गांव सिलारिया में शनिवार से शराबबंदी की पहल की गई हैं जिसके तहत गांव में शराब बेचने और पीने दोनों पर जुर्माना रहेगा। अगर कोई शराब पीता पाया जाता है तो उस पर 1100 रुपए जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं, शराब बेचने पर 11 हजार रुपए जुर्माना तय किया गया है। ग्राम पंचायत ढोतीणा के सरपंच निरमा ने दी जानकारी।
ग्राम पंचायत ढोतीणा के सरपंच निरमा ने बताया कि सिलारिया गांव के लोगों ने शनिवार को एक बैठक बुलाई। इसमें गांव के सभी लोगों ने शराबबंदी पर पत्र जारी किया गया। इस पर सहमति देते हुए सभी ने अपने हस्ताक्षर किए। इस पत्र में लिखा गया है कि गांव में न अब कोई शराब पीएगा और न ही कोई बेचेगा।सरपंच निरमा ने बताया कि गांव में शराब का एक ठेका था। इसे अब बंद करवा दिया गया। ठेके पर हमेशा लोगों की भीड़ लगी रहती थी। आए दिन लड़ाई झगड़े और हंगामा होता रहता था। इससे गांव का माहौल खराब हो रहा था। लोगों के शराब पीने से गांव की महिलाएं भी परेशान रहती थी। इसलिए सभी ने आपसी सहमति से शराबबंदी का निर्णय लिया है। सरपंच ने कहा कि इस शराबबंदी से दूसरे गांवों को भी शराबबंदी की प्रेरणा मिलेगी। कोशिश यह है कि आसपास के कई गांवों को शराबबंदी करवा के लोगों को शराब से मुक्त करवाया जाए।