भरतपुर : एक बार फिर ठिठुरन बढ़ाएगा मौसम, 15 को हल्की बारिश आने के आसार

मौसम में बड़ा अंतर देखा जा रहा हैं। दिन का तापमान भी बढ़ चुका हैं और तेज धूप निकलने लगी हैं। लेकिन मौसम के एक बार फिर ठिठुरन बढ़ाने के आसार हैं। 12 फरवरी से आने वाला पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ गया है। इसलिए दिन और रात के तापमान में लगातार दूसरे दिन बढ़ोतरी हुई है। दिन का तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक हो गया है। ज्ञात रहे कि फरवरी में 24 डिग्री को सामान्य माना जाता है किंतु सर्दी अभी एक और झटका देगी।

मौसम विशेषज्ञ आर के सिंह के अनुसार 14 फरवरी से बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इसका 15 फरवरी के बाद असर देखने को मिलेगा। पूर्वी राजस्थान में बारिश होने की संभावना है। इससे अंचल के मौसम में बदलाव आएगा यानी रात के तापमान में थोड़ी गिरावट आएगी।

बुधवार को रात के तापमान में 3.3 डिग्री का उठाव आया है। न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री दर्ज किया गया। इधर, मौसम में गर्मी बढ़ने से पत्ते भी झड़ने लगे हैं। बुधवार सुबह 10 बजे के बाद तेज धूप निकली। इससे दोपहर बाद धूप तीखी हो गई। धूप में अब ज्यादा देर नहीं बैठा जा रहा है। अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो पिछले दिन की तुलना में 1.3 डिग्री अधिक है। यह सामान्य से 4. 5 डिग्री अधिक है। आर्द्रता 75 फीसदी रही। जबकि हवा की गति एक किलोमीटर प्रतिघंटा रही।