जयपुर : सीवर चैंबर खोदने के दौरान दर्दनाक हादसा, मिट्‌टी ढहने से हुई मजदूर की मौत

मंगलवार को जयपुर के मानसरोवर में सीवर चैंबर खोदने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया जिसमें मिट्‌टी ढहने से मजदूर की दबकर मौत हो गई। मानसरोवर पुलिस के मुताबिक, मृतक मजदूर का नाम रामलाल (55) साल का था। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची सिविल डिफेंस की टीम ने 3 घंटे में 22 फीट सड़क की खुदाई करके मजदूर का शव बाहर निकाला। सिविल डिफेंस की रेस्क्यू टीम से जुड़े महेंद्र कुमार सेवदा ने बताया कि मिट्‌टी के नीचे दबे मजदूर को निकालने में बड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इसके लिए पहले जेसीबी मशीन मंगवाई और रोड पर लगभग 22 फीट गहराई में गड्ढा खुदवाया। इसके बाद चैंबर से मिट्‌टी-मलबा निकाला। करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद मजदूर के शव को बाहर निकाला।

हादसा कृष्ण विहार कॉलोनी में हुआ। यहां सी-ब्लॉक में एक मकान के बाहर सीवर चैंबर बनाने के लिए खुदाई हो रही थी। इसी चैंबर के पास दूसरा चैंबर बना था, इसमें पानी और मलबा भरा था। इस चैंबर से पानी लीक होकर खुदाई वाले चैंबर में आने लगा। खुदाई कर रहा मजदूर जब तक बाहर निकलता तब तक आसपास की मिट्‌टी ढह गई। देखते ही देखते पास वाले चैंबर का पानी भी उसमें तेजी से आने लगा। इससे मिट्‌टी का कटाव ज्यादा हो गया और मजदूर पूरी तरह उसमें दब गया।