कोरोना के चलते इस सख्ती के माहौल में जगह-जगह पुलिस तैनात होने के बावजूद बदमाशों और शातिरों की वारदातें बढ़ती ही जा रही हैं। ऐसा ही एक मामला सामने आया भरतपुर के कुम्हेर थाना इलाके में जहां 6 हथियारबंद बदमाश ने बीमारी का बहाना बनाकर पेट्रोल पंप पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश करीब 20 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए। पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। जिसके जरिए बदमाशों की पहचान की जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर कुम्हेर थाना अधिकारी हवासिंह जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। जहां पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया। पूछताछ में पेट्रोल पंप के सेल्समैन ईश्वर सिंह और विजेंद्र ने बताया कि अज्ञात बदमाशों ने हत्या के भय दिखाकर लूटपाट को अंजाम दिया। सभी बदमाशों ने चप्पलें पहनी हुई थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
घटना नदबई-कुम्हेर मार्ग पर गांव अस्तावन के पास स्थित गुरु कृपा फिलिंग स्टेशन की है। जहां देर रात 6 बदमाश कार में सवार होकर आए। इस दौरान एक व्यक्ति ने बीमार होने की बात कहकर कार में 1 हजार रुपए का पेट्रोल भरवाया। इस दौरान पीछे खड़े एक व्यक्ति ने पेट्रोप पंप के सेल्समैन ईश्वरसिंह को पीछे से पकड़ लिया। साथ ही सेल्समैन की जेब में रखे रुपए छीन लिए। इसके बाद बदमाश पेट्रोल पंप के ऑफिस में घुस गए। जहां सेल्समैन बिजेंद्र के साथ बंदूक की नोक पर लूटपाट की गई। इसके बाद बदमाश नदबई की तरफ फरार हो गए।