ऑनर किलिंग: ससुर ने धारदार हथियार से हमला कर ली दामाद की जान, 2 गिरफ्तार

केरल के पालक्काड़ जिले से ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। यहां, एक 27 साल के युवक पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। मृतक का नाम अनीष है, तीन महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी। पुलिस के मुताबिक ये मामला ऑनर किलिंग का लग रहा है। आरोप है कि अनीष की हत्या, उसके ससुर और पत्नी के चाचा ने मिलकर की है। यह पूरी घटना थेनकुरुस्सी की है। पुलिस ने अनीष की हत्या के आरोप में उसकी पत्नी के पिता प्रभुकुमार और चाचा सुरेश को कस्टडी में लिया है। पुलिस के मुताबिक चश्मदीद ने भी प्रभुकुमार और चाचा सुरेश की हमलावर के तौर पर पहचान की है।

पुलिस के मुताबिक अनीष पिछले काफी दिनों से एक लड़की के साथ रिलेशनशिप में रह रहा था। लड़की अमीर घर की है। तीन महीने पहले ही दोनों ने शादी की थी, जबकि लड़की के माता-पिता उसकी शादी का लगातार विरोध कर रहे थे।

इस वजह से पिछले काफी दिनों से दोनों पक्षों के बीच तनाव भी चल रहा था। जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में हस्तक्षेप किया और लड़की के मां-बाप मान गए। हालांकि ऐसा लग रहा है कि लड़की के परिवार वालों की तरफ से आगे भी लड़के वालों को धमकी मिल रही थी। जिसके बाद शुक्रवार को अनीष कहीं से वापस घर आ रहा था, तभी उसपर धारदार हथियार से हमला किया गया। बाद में अस्पताल ले जाते हुए अनीष की मौत हो गई।