लॉकडाउन में झारखंड सरकार के मंत्री ने चतरा जाकर मनाया जन्मदिन, उड़ीं सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां

कोरोना वायरस महामारी की वजह से पूरे देश में लॉकडाउन लागू है। ऐसे में किसी को बिना अनुमति के कही आने - जाने की मनाई है। केंद्र सरकार और राज्य सरकारें लोगों से घरों में रहने, भीड़ न लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की अपील कर रही हैं। लेकिन यह सारी बंदिशे लगता है केवल आम आदमियों के लिए है। मंत्रियों और विधायकों पर यह लागू नहीं हैं। तभी तो लॉकडाउन में भी इनकी मूवमेंट देखी गई है। कुछ दिन पहले छत्तीसगढ़ के मंत्री के मन नहीं लगने पर रायपुर से जगदलपुर चले जाने की घटना सामने आई थी। वहीं अब झारखंड सरकार में राजद के कोटे से श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता अपन जन्मदिन मनाने रांची से चतरा पहुंच गए। चतरा पहुंचकर मंत्री जी ने अपने समर्थकों के बीच केक काटकर अपना जन्मदिन मनाया। इस दौरान न तो सोशल डिस्टेंसिंग के नियम का पालन हो रहा है और न ही किसी ने मास्क लगाया है।

अब मंत्री भोक्ता के जन्मदिन मनाने का वीडियो वायरल हो गया है। वे कहां हैं, इसका पता नहीं चल रहा। चतरा में बताया जा रहा है कि वे रांची में हैं। रांची में उनके अपने क्षेत्र चतरा में होने की जानकारी दी जा रही है। शासन और प्रशासन के लोग मौन हैं। जब फोन पर संपर्क किया गया, तो मंत्री ने यह स्वीकार किया कि उन्होंने 2 मई को अपना जन्मदिन मनाया था। चतरा की रेड क्रॉस सोसाइटी में मंत्री सत्यानंद भोक्ता का जन्मदिन मनाया गया था, इसकी पुष्टि हो चुकी है।

विपक्ष ने भी मंत्री पर सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाने का आरोप लगाया है। झारखंड में बीजेपी के प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि मंत्री जी ने खुद नियम की धज्जियां उड़ाई हैं। केंद्र सरकार की छूट संबंधित गाइडलाइंस राज्य सरकार इसलिए नहीं मान रही है कि कोरोना के मरीज न बढ़ें लेकिन यहां उन्हीं के मंत्री को कोई परवाह नहीं है।