नम हुई जया बच्चन की आंखें, बोली - लड़कियां क्या अब तो लड़के भी सुरक्षित नहीं, राज्यसभा से पास हुआ POCSO संशोधन बिल

राज्यसभा में यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण संबंधी POCSO बिल को पास कर दिया गया है। केंद्रीय महिला और बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी मंगलवार को इसे सदन में पेश किया था। इस दौरान लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण (संशोधन) विधेयक 2019 (पॉक्सो) पर बोलते हुए जया बच्चन संसद में भावुक हो गईं और उनके आँखों से आंसू झलक पड़े। 2014 में दिल्ली में हुए निर्भया रेप केस को लेकर जया बच्चन ने कहा कि निर्भया के अपराधियों को अब तक सज़ा नहीं मिल सकी है। निर्भया की मां अब भी असहाय महसूस करती हैं। उन्होंने कहा कि पहले माता-पिता लड़कियों के लिए डरते थे लेकिन अब सिर्फ लड़कियां ही नहीं लड़के भी सुरक्षित नहीं हैं।

राज्यसभा में लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण (संशोधन) विधेयक 2019 (पॉक्सो) पास हो गया है। बता दें इस संशोधन में मंत्रालय ने इसमें तस्वीरों, डिजिटल और कंप्यूटर जनित पोर्नोग्राफिक चीजों को भी इसकी परिभाषा में शामिल कर लिया है। मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि सरकार ने राज्यों से नोडल अफसरों की नियुक्ति के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि गृह मंत्रालय ने यौन अपराधियों के आंकड़े जुटाए हैं जिसके मुताबिक देश में 6.20 लाख यौन अपराधी हैं। मंत्री ने कहा कि ऐसे लोगों को ट्रैक किया जा रहा है पुलिस जांच के बिन कहीं नौकरी नहीं मिल सकती है। उन्होंने कहा कि इसके लिए गृह मंत्रालय जांच अधिकारियों और मेडिकल अफसरों की ट्रेनिंग भी करा रहा है। सरकार स्कूलों में भी इस बारे में जागरुकता बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है।