Article 370 : घाटी में छुट्टी के दिन खुले रहेंगे बैंक, बकरीद पर खुली रहेंगी 3500 राशन की दुकानें, सुरक्षा व्यवस्था टाइट

आर्टिकल-370 (Article 370) हटाए जाने के बाद जम्मू-कश्मीर (Jammu-Kahsmir) में कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है। जम्मू में धारा 144 हटा दी गई है। सांबा, कठुआ, रियासी, रामबन और उधमपुर में हालात सामान्य है। बकरीद 12 अगस्त को है। इससे पहले घाटी के माहौल पर सबकी नजरें हैं। कश्मीर में कुछ जगहों पर ढील दी गई है। बकरीद को देखते सरकार ने अहम कदम उठाए हैं। प्रशासन की ओर से घरों पर एलपीजी और सब्जियां भेजी जा रही हैं। छुट्टी के दिन घाटी में बैंक और करीब 3500 राशन की दुकानें खुली रहेंगी। बकरीद को लेकर लोग खरीदारी कर रहे हैं। यहां सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। राज्य के डीजीपी ने जनता से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान ना दें।

एलपीजी और सब्जियां घरों में भेजी जा रही हैं

बकरीद के मद्देनजर कश्मीर में प्रशासन मुस्तैद है। प्रशासन की ओर से एलपीजी और सब्जियां घरों में भेजी जा रही हैं। इसके अलावा जरूरी सामान भी मुहैया कराए जा रहे हैं। घाटी में छुट्टी के दिन बैंक खुले रहेंगे। साथ ही 3500 राशन की दुकानें खुली रहेंगी। इधर, पुलिस प्रशासन ने लोगों से किसी भी तरह की 'शरारती और भड़काऊ खबरों' पर विश्वास नहीं करने का आग्रह किया है। जम्मू एवं कश्मीर के पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने एक वीडियो में कहा, 'पुलिस ने बीते छह दिनों में अब तक एक भी गोली नहीं चलाई है। लोगों को घाटी में गोलीबारी की घटनाओं से संबंधित किसी भी शरारती और भड़काऊ खबर पर विश्वास नहीं करना चाहिए।' दिलबाग सिंह ने यह भी बताया कि जम्मू के 10 जिलों से निषेधाज्ञा हटा दी गई है।

कश्मीर में 15 अगस्त, बीजेपी ने की तैयारी

जम्मू और कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाने के केंद्र सरकार के फैसले को भारतीय जनता पार्टी पूरे जोर-शोर से मनाना चाहती है। इसी के चलते बीजेपी की प्रदेश इकाई ने हर पंचायत में तिरंगा फहराने के लिए सिल्क और खादी के 50 हजार खास झंडे दिल्ली से मंगवाए हैं और इसे कार्यकर्ताओं और पंचायतों को दिए जाएंगे। नए बने केंद्र शासित प्रदेश में 15 अगस्त के मौके पर 4000 से ज्यादा पंचायतों में ये झंडे फहराए जाएंगे। इसके साथ ही सभी गांवों में रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

स्वतंत्रता दिवस पर इतने बड़े पैमाने पर तिरंगा फहराने की योजना के मद्देनजर केंद्र सरकार ने जबरदस्त सुरक्षा के इंतजाम किए हैं, जिसकी निगरानी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और उनकी टीम कर रही है।