अमेठी-रायबरेली को लेकर कांग्रेस में सस्पेंस जारी, प्रियंका गांधी नहीं लड़ेंगी चुनाव, राहुल गांधी पर अगले 24 घंटे में फैसला!

उत्तर प्रदेश की दो हाई प्रोफाइल सीटों रायबरेली और अमेठी पर कांग्रेस का कौनसा उम्मीदवार चुनाव लड़ेगा इसपर सस्पेंस बरकरार है। खबर है कि प्रियंका गांधी लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगी। वह केवल चुनाव प्रचार करेंगी। वहीं, राहुल गांधी के अमेठी या रायबरेली से चुनाव लड़ने पर कल तक फैसला आ सकता है। इससे पहले खबर थी कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी अमेठी और रायबरेली सीटों से चुनावी मैदान में उतर सकते हैं। कहा जा रहा था कि इन सीटों पर उम्मीदवारी के ऐलान से पहले प्रियंका और राहुल अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन कर सकते हैं।

राहुल गांधी को 2019 के चुनावों में अमेठी सीट से हार का सामना करना पड़ा था। उन्हें मोदी सरकार में मंत्री स्मृति ईरानी ने चुनाव में हराया था। हालांकि वो वायनाड सीट से चुनाव जीतकर संसद पहुंचे थे। कांग्रेस का गढ़ माने जाने वाले अमेठी लोकसभा क्षेत्र में विधानसभा की 5 सीटें हैं। 2022 के चुनाव में अमेठी और गौरीगंज से समाजवादी पार्टी अपने दो विधायक बनाने में कामयाब रही थी जबकि सलोन सीट पर बहुत ही मामूली वोटों से हार गई थी। बीजेपी अमेठी में अपने तीन विधायक बनाने में सफल रही थी।