जामिया गोली कांड: तकरीबन 17 सेकेंड तक पिस्टल लहराता रहा हमलावर, हाथ बांधे खड़ी रही पुलिस, पूरे इलाके में अफरा-तफरी

पुलिस की मौजूदगी में जामिया के पास प्रदर्शन के दौरन एक शख्स गोली चला दी। उसकी गोलीबारी में एक छात्र गोली लगने से घायल हो गया। घायल छात्र को होली फैमिली हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। घायल हुए छात्र का नाम शादाब है। वहीं, हमलावर के पीछे भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था। वहां मौजूद चश्मदीदों के मुताबिक फायरिंग करने वाला शख्स लगातार नारेबाजी कर रहा था। जानकारी के मुताबिक, गोली चलाने वाले व्यक्ति ने कहा कि मैं तुम्हे आजादी दिलाता हूं। जानकारी के अनुसार, गोली चलाने वाला बाहर से आया था। गोली चलाने वाले व्यक्ति ने पिस्टल लहराते हुए कहा, 'दिल्ली पुलिस जिंदाबाद, जामिया मिलिया मुर्दाबाद।' ऐसे में सवाल उठ रहा है कि पुलिस की भारी मौजूदगी के बावजूद वो हमलावर हथियार लेकर वहां कैसे जा पहुंचा। कैसे उसने पुलिस के सामने फायरिंग कर दी। इस घटना के बाद पुलिस के सुरक्षा इंतजामों पर ही सवाल उठ रहे हैं। पुलिस की इतनी भारी मौजूदगी के बाद कैसे वो शख्स पिस्तौल लेकर वहां भीड़ के बीच में आ गया। कैसे वो पुलिस और भीड़ के बीच खड़े होकर नारेबाजी करता रहा। कैसे उसने पुलिस के सामने ही प्रदर्शनकारियों की तरफ पिस्तौल तानकर गोली चला दी।

दरअसल, गुरुवार को नागरिकता संशोधन कानून (CAA) और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (NRC) के विरोध में दिल्ली की जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी से राजघाट तक मार्च निकाला जा रहा था। हालांकि इस मार्च को पुलिस ने इजाजत नहीं थी। लिहाजा पुलिस मार्च को रोकने के लिए पहले ही होली फैमली अस्पताल के पास भारी संख्या में मौजूद थी। पुलिस अधिकारी मार्च निकाल रहे लोगों से बात कर रही थी। तभी एक युवक भीड़ के बीच से निकल कर सामने आया। उसके हाथ में बंदूक थी। वो जोर-जोर से नारे लगा रहा था। बताया जा रहा है कि वो प्रदर्शन कारियों की तरफ मुंह करके कह रहा था कि वो उन्हें आजादी चाहिए तो वो उन्हें आजादी देगा। यही बोलते-बोलते वो युवक पुलिस की तरफ बढ़ता जा रहा था और प्रर्दशन कारियों की तरफ पिस्तौल दिखाकर नारे लगा रहा था।

तभी उस शख्स ने फायरिंग कर दी। एक गोली जाकर छात्र को लगी। छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। आपको बता दें कि दिल्ली पुलिस ने गोली चलाने वाले शख्स को गिरफ्तार कर लिया है। शख्स के पास से पिस्टल बरामद कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर रहे हैं और युवक से पूछताछ की जा रही है। गोली चलाने वाला शख्स कैमरे में कैद हो गया है। विडियो में शख्स को पिस्टल निकालते और गोली चलाते देखा जा सकता है। डीसीपी चिन्मय बिस्वाल ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने अभी तक उसकी पहचान उजागर नहीं की लेकिन इस बात से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है। प्रदर्शनकारी छात्र भी आक्रोशित नजर आ रहे हैं।