लॉकडाउन में अय्याशी / स्पा पार्लर में एक महीने से चल रहा था देह व्यापार, चार लोग गिरफ्तार

कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए देश में लगाए गए लॉकडाउन की आड़ में स्टील सिटी जमशेदपुर में एक स्पा पार्लर में शहर के रईसजादे अय्याशी करते मिले। यहां कोलकाता की एक महिला एक महीने से लॉकडाउन में देह व्यापार चला रही थी। यह स्पा पार्लर एक तीन सितारा होटल में था। पुलिस ने होटल में देह व्यापार करवाने के जुर्म में होटल मालिक और उसके मैनेजर सहित लड़की को भी जेल भेज दिया। बाकी लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है। जिला पुलिस ने बिस्टुपुर के थानेदार को सस्पेंड कर दिया है और चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

दरअसल, रविवार शाम को जिला पुलिस को खबर मिली थी कि यहां के एक थ्री स्टार होटल के स्पा पार्लर में बॉडी मसाज का काम चल रहा है। पुलिस ने वहां छापा मारा तो वहां तीन लोग मिले जो शहर के नामी और बिजनेसमैन लोग थे। पहले उस होटल को सील किया गया और फिर सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया तो होटल में एक महिला मिली जो एक महीने से इस होटल में रह रही थी। पुलिस ने होटल के मालिक समेत तीन लोगों और कोलकाता की महिला को हिरासत में ले लिया है। जमशेदपुर के एसएसपी अनूप बिरथरे ने बताया कि जब इस मामले में सख्ती दिखाई गई तो उसने होटल में स्पा पार्लर की आड़ में देह व्यापार की धंधे की बात स्वीकार कर ली।