जयपुर : चिड़ियाघर के बब्बर शेर त्रिपुर की कोरोना रिपोर्ट आई पॉजिटिव, दो अन्य शेर भी संदिग्ध

पिछले दिनों हैदराबाद के नेहरू जूलॉजिकल पार्क में सबसे पहले आठ एशियाटिक शेरों में कोरोना के लक्षण पाए गए थे। इसके बाद उत्तर प्रदेश के इटावा स्थित लॉयन सफारी में शेर के कोरोना संक्रमण पाया गया। लेकिन अब यह संक्रमण राजस्थान जके शेरों में भी पहुंच गया हैं।जयपुर चिड़ियाघर के बब्बर शेर त्रिपुर की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा इसी चिड़ियाघर में एक सफेद बाघ और एक अन्य शेर को भी कोरोना संदिग्ध पाया गया है। ये तीनों शेर पिछले लंबे वक्त से जयपुर दिल्ली हाइवे पर नाहरगढ़ बॉयोलोजिकल पार्क में स्थित लॉयन सफारी में रह रहे हैं।
जयपुर चिड़ियाघर के अंतर्गत लॉयन सफारी में जानवरों के 13 सैंपल बरेली स्थित भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (IVRI) में जांच के लिए भेजे गए थे। इसमें त्रिपुर में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। जबकि, दो अन्य शेरों में लक्षण होना बताया है। लेकिन, सैंपल में पुष्टि नहीं हुई है। इनके सैंपल दोबारा IVRI भेजे जाएंगे। वहीं, जयपुर चिड़ियाघर के एक शेर, दो बाघ और एक पैंथर के सैंपल की जांच रिपोर्ट निगेटिव होने की जानकारी है। सूत्रों के मुताबिक संस्थान के संयुक्त निदेशक (कैडेरेड) डॉ. केपी सिंह ने रिपोर्ट की पुष्टि की है। वहीं, दूसरी तरफ नाहरगढ़ बॉयोलोजिकल पार्क में सीनियर वाइल्ड लाइफ मेडिकल ऑफिसर डॉ. अरविंद माथुर का कहना है कि उनको अभी तक त्रिपुर के कोरोना पॉजिटिव होने की रिपोर्ट नहीं मिली है। वे इस रिपोर्ट की पुष्टि नहीं कर रहे है।