श्रीलंका के मुकाबले भारत की महंगाई लगेगी आम! सिलेंडर 2657 का तो दूध पाउडर 1195 रुपये किलो

भारत में बीते कुछ महीनों में पेट्रोल-डीजल के साथ ही सिलेंडर के दाम भी बढ़े हैं जिसने आम आदमी की कमर तोड़ दी हैं। देश में महंगाई बढ़ती ही जा रही हैं। लेकिन देश के सामने श्रीलंका की महंगाई आपको हैरान कर देगी। श्रीलंका सरकार ने तीन दिन पहले आवश्यक वस्तुओं की मूल्य सीमा खत्म कर दी है। इसका जनता पर भयावह असर पड़ रहा है। सोमवार को रसोई गैस की कीमत 2657 श्रीलंकाई रुपया प्रति सिलेंडर हो गई तो दूध पाउडर 1195 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गया। डॉलर की कमी के कारण आयातक बाहर से सामान बुलवाने पर उसका भुगतान नहीं कर पा रहे हैं। इससे आपूर्ति रूक गई है।

गैस सिलेंडर के दाम में 90 फीसदी बढ़ोतरी हुई है। पिछले शुक्रवार को सिलेंडर के दाम 1,400 रुपये थे, जो 1,257 रुपये की बढ़ोतरी के बाद अब 2,657 रुपये तक पहुंच गए हैं। इसी तरह दूध पाउडर तीन दिनों में 250 रुपये महंगा हुआ है। देश में आटा, शक्कर, सीमेंट समेत कई अन्य आवश्यक वस्तुओं के दाम भी बहुत बढ़ गए हैं।

श्रीलंका सरकार ने राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे की अध्यक्षता में गुरुवार रात हुई कैबिनेट बैठक के बाद दूध पाउडर, गैस, आटा और सीमेंट की मूल्य नियंत्रण प्रणाली खत्म करने का निर्णय किया था। यह फैसला इसलिए लिया गया क्योंकि कोविड महामारी के कारण आर्थिक संकट से जूझ रहे श्रीलंका ने वर्ष 2020 में आयात पर पाबंदी लगाकर विदेशी मुद्रा भंडार को बचाने का उपाय किया था। इस कारण देश में आवश्यक वस्तुओं की कमी हो गई।