PM मोदी बोले - मेरे लिए देश का भविष्य ही सबकुछ, राजनीतिक भविष्य कुछ नहीं

स्वतंत्रता दिवस की 73वीं सालगिरह पर देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अनुच्छेद 370 और 35ए पर बोलते हुए कहा जो लोग 370 के पक्ष में वकालत करते हैं उनसे देश पूछ रहा है कि ये अगर ये अनुच्छेद इतना महत्वपूर्ण था तो 70 साल तक प्रचंड बहुमत होने के बाद भी उसे स्थायी क्यों नहीं किया, अस्थाई क्यों बनाए रखा। अगर इतना ही भरोसा है तो आगे आकर इसे स्थाई कर देते। इसका मतलब है कि आपको भी पता है कि जो हुआ है वो सही नहीं हुआ है लेकिन सुधार करने की आपमें हिम्मत और इरादा नहीं था। मेरे लिए देश का भविष्य ही सबकुछ है राजनीतिक भविष्य कुछ नहीं है। सरदार पटेल जैसे महापुरुषों ने कठिन समय में भी फैसले लिए, लेकिन अनुच्छेद 370 के कारण कुछ रुकावटें भी आईं। आज जब लाल किले से मैं देश को संबोधित कर रहा हूं तो मैं गर्व के साथ कहता हूं कि आज हर हिंदुस्तानी गर्व के साथ कह सकता है- एक देश, एक संविधान। पिछले 70 साल से इन व्यवस्थाओं ने आतंकवाद को जन्म दिया। अलगाववाद को बल दिया। परिवारवाद को पोषा है। भ्रष्टाचार और भेदभाव की नींव को मजबूती देने का काम किया। वहां के महिलाओं, दलितों समेत कई जनजातियों के सपनों को कुचल दिया गया था। आज हमने उन्हें आजादी देने का काम किया है।

PM मोदी ने कहा - हम समस्याओं को न पालते हैं और न ही टालते हैं। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के लोगों की जन आकांक्षाएं पूरी हो, यह हम सबका दायित्व है। उनके सपनों को नया पंख मिले, यह हमारी जिम्मेदारी है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज हर कोई गर्व से कह सकता है कि एक देश, एक संविधान। हम सरदार पटेल के एक भारत, श्रेष्ठ भारत के विचार को आगे ले जा रहे हैं। GST के जरिए हमने एक देश, एक टैक्स का सपना साकार किया, इसी तरह ऊर्जा के क्षेत्र में एक राष्ट्र-एक ग्रिड इस काम को सफलता पूर्व पार किया। इसी तरह एक राष्ट्र एक मोबिलिटी कार्ड व्यवस्था को लागू किया। इसी तरह देश में आज चर्चा चल रही है एक राष्ट्र एक चुनाव। लोकतांत्रिक तरीके से इस पर चर्चा होनी चाहिए। कभी ना कभी एक भारत श्रेष्ठ भारत के सपने को पूरा करने के लिए और भी ऐसी नई चीजों को हमें जोड़ना होगा।