सवाई माधोपुर : एक तरफा प्यार के चलते अपनी भाभी और खुद पर पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग

बुधवार को सवाई माधोपुर जिले के वजीरपुर कस्बे की बाग कॉलोनी में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया जहां एक तरफा प्यार के चलते एक देवर ने अपनी भाभी और खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। आग से झुलसने से युवक व महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद दोनों को गंभीर हालत में CHC वजीरपुर में भर्ती कराया गया। पीड़ित महिला ने बताया युवक की पहले भी पुलिस में शिकायत की गई थी लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण दोबारा से यह घटना घटित हुई है।
वजीरपुर CHC प्रभारी डॉ. आरके मीणा ने बताया की युवक के ज्यादा झुलस जाने के कारण उसे उप जिला अस्पताल गंगापुर सिटी के लिए रैफर किया गया है। फिलहाल महिला का उपचार वजीरपुर CHC में ही चल रहा है। गंभीर झुलसी महिला ने बताया कि युवक कृष्णा उर्फ लाला उसकी बुआ सास का लड़का है और रिश्ते में देवर लगता है। वह काफी दिनों से उसे परेशान कर रहा था। बुधवार को लगभग 11:30 बजे वह एक बोतल में पेट्रोल भरकर उसके घर आया। उसने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। इसी के साथ ही उसने उसे भी दोनों हाथों से पकड़ लिया। दोनों झुलस गए।